नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में 278 मरीजों का हुआ उपचार
मेडिकल कालेज के डॉक्टरों ने दीं सेवाएं
तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के गुरैनी बाजार के नेशनल मार्केट में फरहीन हेल्थ केयर पर रविवार को निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन हुआ। शिविर में विभिन्न रोगों से पीड़ित 278 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श दिया गया तथा दवाएं वितरित की गयी। शिविर में मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने भी अपनी सेवाएं देकर मरीजों का उपचार किया। शिविर का आयोजन फरहीन हेल्थ केयर की संचालक स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. फरहीन के नेतृत्व में किया गया जिसका उद्घाटन शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. अल्ताफ ने फीता काटकर किया। शिविर में मरीजों की जांच कर उन्हें बीमारियों से बचाव, उपचार और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी गई।
इस दौरान डॉ. फरहीन ने कहा कि बदलते परिवेश में स्वस्थ रहने के लिए खान—पान और दिनचर्या को संतुलित रखना बेहद जरूरी है। अनियमित जीवनशैली और खान—पान में लापरवाही के कारण लोग कई तरह की बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। ऐसे में समय-समय पर स्वास्थ्य की जांच कराना और चिकित्सकों की सलाह का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मानव सेवा ही मानवता का धर्म है। जरूरतमंदों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना और उन्हें स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूक करना ही इस तरह के शिविरों का उद्देश्य है।
शिविर में मेडिकल कॉलेज के जनरल सर्जन डॉ. इमरान, नेत्र सर्जन डॉ. सी. चंद्रभान, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. जेबा सहित डॉ. शारिब सिद्दीकी और डॉ. शाहबाज ने मरीजों को अपनी सेवाएं दीं। इस अवसर पर जैन खान, मो. आतिफ हमजा खान, साजिब खान सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।













