HomeJaunpurJaunpur News: रामजानकी मन्दिर में हुई चोरी, देवी प्रतिमाओं के आभूषण एवं...

Jaunpur News: रामजानकी मन्दिर में हुई चोरी, देवी प्रतिमाओं के आभूषण एवं दानपेटी ले गये चोर

  • रामजानकी मन्दिर में हुई चोरी, देवी प्रतिमाओं के आभूषण एवं दानपेटी ले गये चोर

  • गोरारी मन्दिर का ताला तोड़कर हुआ वारदात

  • गर्भ गृह का सीसीटीवी कैमरा मेमोरी समेत उखाड़ ले गये

तेजस टूडे सं.
राकेश शर्मा
खेतासराय, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के गोरारी गांव स्थित राम जानकी ठाकुरजी महाराज मंदिर को शनिवार की रात चोरों ने निशाना बनाया। मंदिर का ताला तोड़कर चोर देवी प्रतिमाओं के आभूषण और नवरात्र के चढ़ावे से भरी दानपेटी उठा ले गये। साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से गर्भगृह में लगा सीसीटीवी कैमरा भी मेमोरी समेत उखाड़ ले गये। रविवार की भोर घटना की जानकारी होने पर श्रद्धालुओं में आक्रोश फैल गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल की जांच किया।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि रविवार की भोर करीब 4:45 बजे मुख्य अर्चक दुर्गेश देववंश पुत्र मोतीलाल देववंश प्रतिदिन की तरह पूजा-अर्चना के लिए मंदिर पहुंचे थे। नवनिर्मित मां दुर्गा मंदिर का ताला टूटा देख वह हैरान रह गए। उन्होंने तत्काल मंदिर समिति के सदस्यों को सूचना दी। समिति के सदस्यों ने मौके पर पहुंचकर देखा तो नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित चढ़ावे से भरी दानपेटी गायब थी। आसपास खोजबीन करने पर मंदिर के समीप खेत में दानपेटी टूटी और खाली पड़ी मिली। चोर उसमें रखी नकदी लेकर फरार हो गए थे।

चोरों ने मंदिर में स्थापित तीन देवियों के गोल्ड प्लेटेड हार और मां दुर्गा का गोल्ड प्लेटेड आभूषण भी चोरी कर लिया। इतना ही नहीं, मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी सिस्टम से छेड़छाड़ करने के साथ गर्भगृह का कैमरा मेमोरी समेत उखाड़ ले गये। घटना की जानकारी होते ही मंदिर परिसर में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं की भीड़ जुट गई। धार्मिक स्थल पर चोरी की वारदात से लोगों में नाराजगी दिखी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्यों की जांच की। मंदिर समिति के अध्यक्ष अरुण गुप्ता ने पुलिस को तहरीर देकर घटना का शीघ्र खुलासा करने, चोरी गए आभूषण और नकदी बरामद करने की मांग किया है। वहीं थाना प्रभारी प्रदीप सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज करके घटना की जांच की जा रही है।

 

 

 

 

 

Must Read