कन्या प्राथमिक विद्यालय पौथिया का हुआ निरीक्षण
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। जिलाधिकारी अशोक कुमार ने कन्या प्राथमिक विद्यालय पौथिया का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में शैक्षिक एवं बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, मिड-डे मील की गुणवत्ता एवं वितरण, बच्चों को निर्धारित मेन्यू के अनुसार दूध एवं फल उपलब्ध कराने, आंगनबाड़ी केंद्र के संचालन, रसोइयों के मानदेय भुगतान, फर्नीचर की उपलब्धता तथा शिक्षण कार्यों की स्थिति की जानकारी प्राप्त किया। उन्होंने बच्चों से सीधे संवाद कर उनकी शैक्षिक स्थिति एवं पढ़ाई से संबंधित प्रश्न भी पूछे। विद्यालय में शैक्षिक गुणवत्ता संतोषजनक नहीं पाई गई। साफ-सफाई की स्थिति अत्यंत खराब मिली। रसोईघर का दरवाजा टूटा हुआ था तथा आरओ वाटर सिस्टम खराब स्थिति में पाया गया। स्टोर रूम में अत्यधिक गंदगी एवं अव्यवस्था मिली। विद्यालय का शौचालय बंद पाया गया। दिव्यांग बच्चों की सुविधा के लिए निर्मित शौचालय में रैंप की व्यवस्था भी नहीं मिली। परिसर में स्थापित ओपन जिम की स्थिति भी ठीक नहीं पाई गई।
विद्यालय में व्याप्त इन अव्यवस्थाओं एवं बच्चों की कमजोर शैक्षिक स्थिति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त किया। साथ ही कहा कि विद्यालयों में शिक्षकों की नियमित उपस्थिति के साथ गुणवत्तापूर्ण शिक्षण कार्य, स्वच्छता एवं बच्चों को सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकेश खरवार को निर्देश दिया कि विद्यालय में पाई गई सभी कमियों को तत्काल दूर कराया जाए। शौचालय को क्रियाशील बनाने, रसोईघर की मरम्मत, आरओ वाटर सिस्टम को ठीक कराने, स्टोर रूम एवं पूरे परिसर की साफ-सफाई सुनिश्चित कराने, दिव्यांग बच्चों के लिए रैंप की व्यवस्था कराने तथा ओपन जिम को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए। साथ ही शैक्षिक गुणवत्ता में सुधार लाने एवं शिक्षकों की जिम्मेदारी सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के समस्त परिषदीय विद्यालयों में इस प्रकार की बुनियादी सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं से संबंधित कमियों को तत्काल चिन्हित कर प्राथमिकता के आधार पर दुरुस्त कराया जाए। सभी विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल, क्रियाशील शौचालय, सुव्यवस्थित कक्षाओं एवं बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और अनुकूल शैक्षिक वातावरण सुनिश्चित किया जाए। इस अवसर पर जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, सहायक अध्यापिका निहारिका, सहायक अध्यापिका वंदना सहित तमाम लोग उपस्थित रहे।











