लाइसेंस के नाम पर करोड़ों की लूट
1.02 करोड़ की ठगी का आरोपी क्राइम ब्रांच के शिकंजे में
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी। देशी शराब की दुकान का लाइसेंस दिलाने का प्रलोभन देकर 1 करोड़ 2 लाख रुपये की कथित धोखाधड़ी करने वाले 32 वर्षीय आरोपी कल्पेश तरमले पाटिल को ठाणे अपराध शाखा की यूनिट-2 (भिवंडी) ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने शिकायतकर्ता को देशी शराब की दुकान का लाइसेंस दिलाने का भरोसा देकर अपने जाल में फंसाया इसके बाद अलग-अलग किश्तों में नकद और आरटीजीएस के माध्यम से कुल 1 करोड़ 2 लाख रुपये वसूल किए हालांकि रकम प्राप्त करने के बावजूद आरोपी ने न लाइसेंस उपलब्ध कराया और न ही धनराशि वापस की।
इस संबंध में उल्हासनगर पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई थी। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए ठाणे अपराध शाखा यूनिट-2 भिवंडी ने तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपी का सुराग लगाकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी से 5 लाख रुपये नकद जब्त किए हैं। अब पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि कहीं आरोपी ने इसी प्रकार लाइसेंस दिलाने का प्रलोभन देकर अन्य लोगों से भी करोड़ों रुपये की ठगी तो नहीं की है।
मुख्य सवाल
क्या सरकारी लाइसेंस दिलाने के नाम पर इतनी बड़ी रकम वसूलने के पीछे कोई अन्य व्यक्ति या संगठित गिरोह भी सक्रिय है पुलिस जांच में इसका खुलासा होने की संभावना है।











