डम्पर की टक्कर से बाइक सवार मासूम की हुई मौत
मासूम को बाइक पर बैठाकर बाजार में सब्जी खरीद रहे थे माता—पिता
अश्वनी सैनी
उन्नाव। असोहा थाना क्षेत्र के उन्नाव-मोहनलालगंज मार्ग पर देर शाम कालूखेड़ा बाजार के सामने डम्पर की टक्कर से बाइक पर बैठा तीन वर्षीय मासूम सड़क पर गिर गया और डंपर उसे रौंदते हुए निकल गया। आक्रोशित भीड़ ने डंपर चालक की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक समेत डंपर को हिरासत में ले लिया है। मौरावां क्षेत्र के बलुवाखेड़ा गांव के रहने वाले बुद्धिलाल पत्नी देवकी और तीन वर्षीय मासूम बेटे धनवीर के साथ बाइक से मोहनलालगंज में रहने वाले रिश्तेदार के घर गए थे जहां से सोमवार देर शाम बाइक से घर लौट रहे थे।
तभी असोहा थाना क्षेत्र के उन्नाव-मोहनलालगंज मार्ग पर स्थित कालूखेड़ा बाजार में बुद्धीलाल ने बाइक खड़ी की और बेटे धनवीर को बाइक पर बैठाने के बाद पति-पत्नी सब्जी खरीदने लगे। इसी दरमियान कबरई से गिट्टी लेकर बहराइच जा रहे डंपर चालक ने बाजार से निकलने के दौरान बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से बाइक पर बैठा बच्चा सड़क पर गिरा और डंपर का पहिया उसके ऊपर से निकल गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने कानपुर देहात के रूरा निवासी चालक संजय सिंह को पकड़ लिया और पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाया और हिरासत में ले लिया। अपनी आंखों के सामने बेटे की मौत से माता-पिता बदहवास हो गए। पिता बुद्धीलाल ने बताया कि धनवीर तीन बच्चों में सबसे छोटा था, दो बच्चे घर में ही थे। एसओ रामअवतार ने बताया कि डंपर व चालक हिरासत में हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।














