घायल गोवंश की खबर का असर, पशु चिकित्सा टीम ने पहुंचकर किया उपचार
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
टूंडला, फिरोजाबाद। स्थानीय नगर में घायल अवस्था में भटक रहे एक गोवंश (सांड) की दुर्दशा को लेकर खबर सामने आने के बाद पशु चिकित्सा विभाग हरकत में आया। पेट भरने के लिए कूड़े में भोजन तलाश रहे घायल गोवंश की हालत देखकर भी उसकी सुध लेने वाला कोई नहीं था। नगर में गोसेवा के नाम पर कई संगठन सक्रिय हैं, वहीं अस्थायी गोशाला की व्यवस्था होने के बावजूद घायल पशु को समय पर सहारा नहीं मिल पा रहा था। नगर में घायल गोवंश की बदहाल स्थिति को लेकर तेजस टूडे के पत्रकार आशीष पचौरी द्वारा खबर प्रसारित की गई थी।
खबर के माध्यम से जिम्मेदारों का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया कि घायल पशु खुले में भटकने और कूड़े में भोजन तलाशने को मजबूर है। इसके बाद पशु चिकित्सा विभाग की टीम ने पहल करते हुए घायल गोवंश के उपचार की व्यवस्था किया। उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. सत्येन्द्र निगम के नेतृत्व में पशु चिकित्सा टीम ने घायल सांड का उपचार किया। टीम में राहुल, पिंकी और संतोष शामिल रहे। चिकित्सकीय टीम ने मौके पर पहुंचकर पशु की स्थिति का जायजा लिया और आवश्यक उपचार किया। घटना ने एक बार फिर नगर में गोवंश की देखभाल और घायल पशुओं के संरक्षण की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।
गोसेवा के नाम पर सक्रिय संगठनों और अस्थायी गोशाला की मौजूदगी के बावजूद यदि कोई घायल पशु कूड़े में भोजन तलाशता हुआ सड़कों पर भटकने को मजबूर है तो यह व्यवस्था की जवाबदेही पर गंभीर सवाल है। जरूरत है कि ऐसे पशुओं की नियमित निगरानी हो और घायल गोवंश को समय रहते उपचार तथा सुरक्षित आश्रय उपलब्ध कराया जाय।











