चनौरा में कूड़े के पहाड़ में लगी आग, हाईटेंशन लाइन की चिंगारी से भड़का धुआं
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
फिरोजाबाद। शहर के चनौरा क्षेत्र में स्थित नगर निगम के कूड़ा निस्तारण केंद्र पर आग लगने से आसपास के इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। रात करीब 1 बजे हुई इस घटना के दौरान प्लांट परिसर में एकत्रित कचरे से आग की लपटें उठने लगीं। सूचना मिलने पर पहुंचे दमकल विभाग के कर्मचारियों ने मोर्चा संभालते हुए आग को फैलने से रोका। बताया गया है कि प्लांट में लंबे समय से बड़ी मात्रा में कचरा एकत्रित था। इसी बीच परिसर के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन विद्युत लाइन में तकनीकी खराबी आने से चिंगारी निकली जो कचरे के संपर्क में आ गई। सूखे कचरे ने आग पकड़ ली और कुछ ही देर में वहां धुआं फैलने लगा। घटना के समय आस—पास के क्षेत्र में लोगों का ध्यान भी धुएं की ओर गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां घटनास्थल पर पहुंचीं। कर्मचारियों ने आग बुझाने के लिए अभियान चलाया और काफी प्रयासों के बाद स्थिति को नियंत्रित कर लिया। फायर स्टेशन अधिकारी दुर्गेश त्यागी के मुताबिक शुरुआती जानकारी में आग लगने की वजह हाईटेंशन तारों में हुआ फाल्ट सामने आया है। दमकल टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई। नगर निगम का यह प्लांट प्रतिदिन 250 टन कचरे के निस्तारण की क्षमता रखता है।











