अवैध रूप से संचालित मेडिकल स्टोर पर पड़ा छापा
गोविन्द वर्मा
हैदरगढ़, बाराबंकी। आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर ड्रग इंस्पेक्टर सीमा सिंह द्वारा बिना लाइसेंस संचालित मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर करीब 3 लाख 70 हज़ार रुपए मूल्य की दवाइयां सीज की गई व कई दवाओं के नमूने भी भरे गए। ड्रग इंस्पेक्टर की ताबड़तोड़ कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक जीसी श्रीवास्तव सहायक आयुक्त औषधि अयोध्या मण्डल के निर्देशन में सुमित वर्मा औषधि निरीक्षक अयोध्या एवं सीमा सिंह औषधि निरीक्षक बाराबंकी द्वारा पुलिस बल के साथ त्रिवेदीगंज में राजकुमार मिश्रा पुत्र देवी शंकर मिश्रा द्वारा संचालित किए जा रहे बिना लाइसेंस मेडिकल स्टोर पर छापा मारा गया।
छापेमारी में मौके पर लगभग 3,50,000 रुपये की एलोपैथिक औषधियाँ सीज की गई तथा दुधारू पशुओं के प्रयोगार्थ प्रतिबंधित ऑक्सिटोसिन औषधि 200 ML के 168 वाइल एवं 1 एमएल के 3200 अमपॉल भी सीज किए गए जिनका अनुमानित मूल्य 18,320 रू है। मौके पर 02 संदिग्ध ऑक्सिटोसिन सहित 06 नमूने जांच एवं विश्लेषण हेतु संग्रहीत किए गए। ड्रग इंस्पेक्टर सीमा सिंह ने बताया कि प्रकरण में परीक्षण रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी व्यक्ति के विरुद्ध न्यायालय में परिवाद दाखिल किया जाएगा।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।











