नहर लीकेज होने से सैकड़ों बीघा किसानों की फसल जलमग्न
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
मौदहा, हमीरपुर। स्थानीय विकास खंड क्षेत्र के ग्राम पंचायत छिरका में बीती रात नहर का पानी खेतों में भर गया। इससे एक दर्जन से अधिक किसानों की 100 बीघा से ज्यादा फसल जलमग्न हो गई। सुबह खेतों में पानी देखकर किसानों को नुकसान का पता चला। खेतों में चना, मसूर, गेहूं, लाही और अलसी बोई गई थी। कई खेतों में पौधे निकलने लगे थे। प्रभावित किसानों में पन्नालाल मिश्र की 20 बीघा, प्रभादेवी की छह, राजकुमार सिंह की 8, गोपाल प्रजापति की 10, ब्रजमोहन सिंह की 18, रामभजन सैनी की पांच और लालू साहू की आठ बीघा फसल शामिल है। किसानों ने नहर विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाकर मुआवजे की मांग किया है।
किसानों का कहना है कि मदारपुर माइनर की ठीक से सफाई और रख रखाव नहीं हुआ था। इसके बावजूद उसमें क्षमता से ज्यादा पानी छोड़ा गया जो कई जगह से बहकर खेतों में भर गया। ग्राम प्रधान मुकेश कुमार और ग्रामीणों की शिकायत पर जेई ने माइनर में पानी की मात्रा कम करवा दी। किसान पन्ना लाल मिश्र और गोपाल प्रजापति ने बताया कि खरीफ की फसल बर्बाद होने के बाद उन्होंने कर्ज लेकर रबी की बुवाई की थी। किसानों ने नुकसान का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग किया है।











