समान काम-समान वेतन की मांग पर 34 हजार न्यायालयीन कर्मचारी हड़ताल पर
भिवंडी सहित महाराष्ट्र की अदालतों में कामकाज प्रभावित, सुनवाई एवं रिमाण्ड प्रक्रिया पर असर
तेजस टूडे ब्यूरो
राजू पाल
भिवंडी, मुम्बई। भिवंडी महाराष्ट्र के जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों के करीब 34 हजार कर्मचारी मंगलवार 17 नवंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि उन्हें बॉम्बे हाईकोर्ट के कर्मचारियों के समान संशोधित वेतनमान और सुविधाएं दी जायं। कर्मचारियों का आरोप है कि 1 जनवरी 2006 से लागू वेतनमान की त्रुटियों को अब तक दूर नहीं किया गया है। बॉम्बे हाईकोर्ट की कोर कमेटी ने जनवरी 2025 में सरकार को प्रस्ताव भेजा था लेकिन करीब 21 महीने बीतने के बाद भी कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।
इससे पहले कर्मचारियों ने काली पट्टी बांधकर मौन प्रदर्शन और एक दिन का सामूहिक अवकाश लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया था। मांगें पूरी नहीं होने पर अब उन्होंने अनिश्चितकालीन कामबंद आंदोलन शुरू कर दिया है। हड़ताल के चलते भिवंडी सहित महाराष्ट्र की विभिन्न अदालतों में नियमित कामकाज दैनिक सुनवाई रिमांड सहित अन्य न्यायिक प्रक्रियाएं प्रभावित हो रही हैं। इससे न्याय की प्रतीक्षा कर रहे पक्षकारों और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।











