वाहन टेस्ट लिये बगैर ही एलएमवी श्रेणी में कर दिया फेल

  • वाहन टेस्ट लिये बगैर ही एलएमवी श्रेणी में कर दिया फेल

  • सवालों के घेरे में ड्राइविंग लाइसेंस प्रक्रिया

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
फतेहपुर, बाराबंकी। जनपद में ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आयोजित टेस्ट प्रक्रिया में कथित लापरवाही का मामला सामने आया है। समनाडीह निवासी अंकित कुमार पुत्र रमाकांत ने आरोप लगाया कि परिवहन विभाग के टेस्ट स्थल पर उनसे मोटरसाइकिल तो चलवाई गई लेकिन कार चलाने का टेस्ट लिए बिना ही उन्हें कार श्रेणी में फेल कर दिया गया। अंकित कुमार के अनुसार उन्होंने ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए आवेदन संख्या 4958001826 के माध्यम से आवेदन किया था। आवेदन करने के बाद टेस्ट के लिए बीते 12 नवंबर को दोपहर 12:30 बजे से 2:30 बजे तक टेस्ट का समय निर्धारित किया गया था। निर्धारित समय के दौरान वह लगभग 1:30 बजे टेस्ट स्थल पर पहुंचे। वहां मौजूद कर्मचारी ने उनसे मोटरसाइकिल चलवाई जिसमें वह सफल रहे और उन्हें मोटरसाइकिल श्रेणी में पास कर दिया गया।
आवेदक का आरोप है कि कार श्रेणी का टेस्ट लेने के लिए उन्हें कार उपलब्ध नहीं कराई गई और न ही उनसे कार चलवाई गई। इसके बावजूद परिणाम में उन्हें कार श्रेणी में फेल दर्शा दिया गया। ऐसे में सवाल उठता है कि जब आवेदक से कार चलवाकर परीक्षा ही नहीं ली गई तो उन्हें किस आधार पर फेल किया गया? इस संबंध में अंकित कुमार ने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग किया है। उन्होंने 12 नवंबर को हुए टेस्ट की सीसीटीवी फुटेज और संबंधित अभिलेखों की जांच कराकर वास्तविक स्थिति स्पष्ट करने तथा यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो उसके विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग किया है। साथ ही आवेदक ने कार श्रेणी का टेस्ट दोबारा देने का अवसर उपलब्ध कराने की मांग किया है।