चुनाव में विज्ञापन दिये जाने के सम्बन्ध में दिशा निर्देश जारी
अंकित सक्सेना
बदायूं। अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी (न0नि0) विजय सिंह ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के पत्र द्वारा नगरीय निकायों के निर्वाचन में राजनैतिक दल/प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार हेतु चुनाव प्रचार सामग्री के मुद्रण एवं प्रकाशन तथा प्रिंट मीडिया में विज्ञापन दिये जाने के सम्बन्ध में दिशा निर्देश निर्गत किये है।
निर्वाचन से सम्बन्धित राजनैतिक दल/प्रत्याशियों द्वारा कितने प्रत्याशियों (अध्यक्ष/सदस्य पद) के पम्पलेट, बैनर, स्टीकर आदि प्रचार सामग्री मुद्रित किये जा चुके हैं, किस प्रकार की प्रचार सामग्री मुद्रित की गयी है तथा प्रत्याशी अथवा राजनैतिक दल से आपने कितना भुगतान प्राप्त किया है, इसकी सूचना अभी तक जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय) में नहीं दी गयी है जबकि आयोग ने अपने इस पत्र के द्वारा निर्देशित किया है कि सभी प्रकार की प्रचार सामग्री की एक प्रति जिला मजिस्ट्रेट/ जिला निर्वाचन अधिकारी (न०नि०) को युक्तियुक्त समयावधि में उपलब्ध करायी जायेगी।
डीईओ ने निर्देशित किया है कि राजनैतिक दल/प्रत्याशियों तत्काल प्रचार सामग्री के सम्बन्ध में वांछित सूचनायें अपर जिला मजिस्ट्रेट प्रशासन/उप जिला निर्वाचन अधिकारी (न0नि0) के कार्यालय में नियमित रूप से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें, अन्यथा प्रत्याशी अथवा राजनैतिक दल के विरूद्ध नियमानुसार कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी जिसका समस्त उत्तरदायित्व प्रत्याशी अथवा राजनैतिक दल का होगा।
निर्देशों का उल्लंघन करने पर उ0प्र0 नगर निगम अधिनियम 1959 की धारा 48 एवं उ० प्र० नगर पालिका अधिनियम 1916 की धारा 13 जे सपठित रिप्रजेन्टेशन आफ पीपुल एक्ट, 1951 की धारा 127-ए के अन्तर्गत दण्डनीय अपराध होगा। आयोग के पत्र द्वारा जनपद स्तर पर गठित समिति राजनैतिक दलों/प्रत्याशियों द्वारा चुनाव प्रचार सामग्री के मुद्रण एवं प्रकाशन तथा प्रिन्ट मीडिया में दिये जाने वाले विज्ञापनों पर निगरानी रखेगी तथा निर्देशों का उल्लंघन होने पर नियमानुसार सम्बन्धित के विरुद्ध आवश्यक कार्यवाही की जायगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










