सनातन गौरव महोत्सव की निकली भव्य कलशयात्रा
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
मौदहा, हमीरपुर। स्थानीय कस्बा के बड़ी देवी मंदिर परिसर में आयोजित छठवें सनातन गौरव महोत्सव-2026 की कलशयात्रा धूमधाम से निकली जिसमें सैकड़ों श्रद्धालु ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया है। यह कलशयात्रा बड़ी देवी मंदिर से आरंभ होकर टेवन बाबा, कोतवाली गेट, थाना चौराहा, जीजीआईसी चौराहा, मली कुआं चौराहा से तहसील मार्ग होकर फत्तेपुर मोड़ से पुनः बड़ी देवी मंदिर परिसर में पहुंचकर सम्पन्न हुई। कलशयात्रा में सैकड़ों महिलाएं अपने सिर पर भगवा रंग के कलश लेकर चल रही थीं। गाजे-बाजे और डीजे की धुनों के साथ बुंदेलखंड का दीवारी नृत्य इस कलशयात्रा में विशेष आकर्षण का केंद्र रहा है। इस यात्रा में रथ पर सवार जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी नारायणानंद तीर्थ महाराज का श्रद्धालुओं ने जगह—जगह पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। ज्ञात हो कि बड़ी देवी मंदिर परिसर में 13 से 19 नवंबर तक श्रीमद्भागवत कथा एवं आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन है।यह कार्यक्रम जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी नारायणानन्द तीर्थ महाराज के सानिध्य में संपन्न हो रहा है। प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा एवं प्रातः 8 बजे से पादुका पूजन व दीक्षा कार्यक्रम होगा। अंतिम दिन 19 नवंबर को कथा पूर्णाहुति, हवन, पूजन एवं भंडारा होगा।











