समाधान दिवस पर जनसुनवाई करके समस्याओं का किया गया निस्तारण

  • समाधान दिवस पर जनसुनवाई करके समस्याओं का किया गया निस्तारण

तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। समाधान दिवस पर पुलिस उपमहानिरीक्षक देवीपाटन परिक्षेत्र गोण्डा अशोक कुमार ने गोण्डा के थाना समाधान दिवस पर थाना इटियाथोक में जनसुनवाई कर शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध निस्तारण हेतु संबंधित को निर्देशित किया। इस दौरान डीआईजी अशोक कुमार द्वारा जनसमस्याओं के प्रभावी निस्तारण के लिए पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को आपसी समन्वय एवं सहयोग के साथ शिकायतों के निस्तारण पर जोर दिया गया। डीआईजी द्वारा इस दौरान कहा गया कि शासन की प्राथमिकता आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करना है। पुलिस एवं राजस्व विभाग के अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित करते हुए प्राप्त शिकायतों का प्रभावी निस्तारण करना सुनिश्चित करें। किसी भी शिकायत का निस्तारण मात्र औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि निष्पक्ष एवं तथ्यात्मक जांच के आधार पर शिकायतकर्ता की संतुष्टि सुनिश्चित करते हुए किया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक पुलिसकर्मी महिला एवं पुरुष अपनी आवंटित बीट में नियमित रूप से भ्रमणशील रहकर आमजन से निरंतर संवाद स्थापित करें तथा उनकी शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए नियमानुसार त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। लापरवाही परिलक्षित होने पर सम्बन्धित के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी।