गुरूकुल पब्लिक स्कूल में लगा भव्य बाल मेला
बच्चों की मुस्कान, हुनर एवं उत्साह ने जीता अतिथियों का दिल
तेजस टूडे सं.
संतोष सिंह
महराजगंज, रायबरेली। गुरुकुल पब्लिक स्कूल पुरासी हलोर में जवाहर लाल नेहरू के जन्म दिवस को बाल दिवस के रूप में मनाया गया तथा भव्य बाल मेले का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास के साथ किया गया। विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ मेले में भाग लिया और अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता एवं कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। विद्यालय प्रांगण में विभिन्न खेलो का आयोजन हुआ और विजेता टीम को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की वाइस चेयरमैन पूजा मिश्रा ने फीता काटकर मेले का शुभारंभ किया जिसमें प्रधानाचार्या प्रांजलि शुक्ला एवं बेबी सिंह तथा अमित पांडेय, पूजा अवस्थी, महेश प्रताप और विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित था। बाल मेले में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न प्रकार के आकर्षक खान-पान के स्टॉल लगाये गये। इनमें पानीपुरी, मोमोज, भेलपुरी, पास्ता, चना, क्रीम रोल, क्रीम बन सहित कई स्वादिष्ट व्यंजन शामिल रहे। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न मनोरंजक खेलों के स्टॉल भी लगाये गये जिन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राएं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं अतिथियों ने भी बाल मेले में शिरकत किया। अभिभावकों ने विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन करते हुए खेल प्रतियोगिता का आनंद लिया और विद्यार्थियों के उत्साह, आत्मविश्वास और रचनात्मक प्रयासों की सराहना किया। कार्यक्रम का समापन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ।











