गीतों के माध्यम से सरकारी योजनाओं का किया गया प्रचार
तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। देवा मेला एवं प्रदर्शनी में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के कलाकारों ने गीत-संगीत और लोक गायन के माध्यम से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया। कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों के जरिए लोगों को देशप्रेम, नशामुक्ति, शिक्षा और किसानों के हित में संचालित योजनाओं के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम की शुरुआत सोने लाल एंड पार्टी की संगीतमय प्रस्तुति से हुई। कलाकारों ने देशभक्ति गीत ‘चमके ला तिरंगा झंडा, चांद तो तरैया, हमार देसवा है सोने की चिरैया’ प्रस्तुत कर देशप्रेम की भावना जगाई। इसके बाद ‘छोड़ दा नशा की अदतिया, ऐ सजना’ गीत के माध्यम से नशे की बुरी आदतों से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। आल्हा गायक रघुनाथ की पार्टी ने मां सरस्वती की वंदना से अपनी प्रस्तुति का शुभारंभ किया। कलाकारों ने लोक गायन के माध्यम से ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ का संदेश देते हुए बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया। वहीं किसान सम्मान निधि योजना पर आधारित प्रस्तुति के जरिए किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।











