HomeTrendingदेवा दंगल में नामचीन पहलवानों ने आजमाये दांव-पेच

देवा दंगल में नामचीन पहलवानों ने आजमाये दांव-पेच

  • देवा दंगल में नामचीन पहलवानों ने आजमाये दांव-पेच

तेजस टूडे ब्यूरो
गोविन्द वर्मा
बाराबंकी। ऐतिहासिक देवा मेला एवं प्रदर्शनी में आयोजित दंगल प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए नामचीन पहलवानों ने अपने दमखम, कौशल और पारंपरिक कुश्ती कला का शानदार प्रदर्शन किया। अखाड़े में पहलवानों के बीच जोरदार भिड़ंत देखने को मिली। एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबलों ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा और पूरा दंगल परिसर तालियों तथा उत्साहपूर्ण आवाजों से गूंजता रहा।
दंगल के प्रमुख मुकाबलों में विवेक पहलवान बांदा ने जीतू पहलवान कन्नौज को पराजित किया। राहुल दास अयोध्या ने शैतान सिंह राजस्थान को शिकस्त दी। अजीत पहलवान बाराबंकी और शिवम पहलवान अयोध्या के बीच हुए मुकाबले में शिवम ने बाजी मारी। वहीं बाबू पहलवान उत्तराखंड और सुल्तान वारसी पहलवान देवा के बीच हुई रोमांचक कुश्ती में बाबू पहलवान विजयी रहे।
इसी क्रम में गोलू पहलवान गोंडा ने काला चीता राजस्थान को हराकर जीत दर्ज की, जबकि माल्टा पहलवान मुजफ्फरनगर ने शाका पहलवान को मात दी। बजरंगी पहलवान अयोध्या ने मोहम्मद हसनैन देवा को पराजित किया। शौकीन पहलवान सीतापुर ने गुलशन पहलवान गोंडा को तथा संजय पहलवान फतेहगढ़ ने घनश्याम पहलवान जालौन को शिकस्त दी।
अन्य मुकाबलों में शिवम पहलवान अयोध्या ने आयुष पहलवान बनारस को चित किया जबकि रामनंदन पहलवान गाजीपुर ने अमरेश पहलवान बहराइच को पटकनी देकर अपनी श्रेष्ठता साबित किया। दंगल में इसके अतिरिक्त भी कई पहलवानों के बीच दिलचस्प मुकाबले हुए। पहलवानों ने अपनी फुर्ती, ताकत, तकनीक और कुश्ती के पारंपरिक दांव-पेचों से दर्शकों को रोमांचित किया।

 

 

 

 

Must Read