जनपद में 2 अक्टूबर तक संचालित होगा ‘कचरा मुक्त भारत पखवाड़ा’
अब्दुल शाहिद
बहराइच। स्वच्छता ही सेवा-2023 कचरा मुक्त भारत पखवाड़ा अन्तर्गत 2 अक्टूबर पर स्वच्छता के लिए जनांदोलन के उत्सव के दृष्टिगत ‘‘स्वच्छ भारत दिवस (एसबीडी)’’ के रूप में मनाया जाना है जो महात्मा को उनकी जयंती के दिन एक श्रद्धांजलि होगी। वार्षिक स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण एवं शहरी) द्वारा संयुक्त रूप से 2 अक्टूबर तक जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान संचालित किया जायेगा। स्वच्छता पखवाड़ अन्तर्गत विशेषकर ऐसे सार्वजनिक स्थानों पर जहां लोगों का आवागमन बहुतायत में होता है। जैसे-बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, पर्यटन स्थल, चिड़ियाघर राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्य ऐतिहासिक स्मारक नदियों के किनारे, घाट, नालियां और नाले आदि पर साफ-सफाई की गतिविधियां क्रियान्वित किया जाना है। जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि पखवाड़ा अन्तर्गत सभी महत्वपूर्ण स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाकर कचरा हटाया जायेगा। क्षेत्र में कूड़ेदान, सार्वजनिक शौचालय अपशिष्ट परिवहन वाहन एमआरएफएस आदि जैसी सभी स्वच्छता संपत्तियों की मरम्मत पेंटिंग साफ-सफाई और ब्रांडिंग के साथ नदी तटों विशेषकर गंगा नदी के किनारे स्थित शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों मे साफ-सफाई कराने और कचरे (प्लास्टिक सहित) को हटाने के अभियान में सहायता प्रदान की जायेगी। पखवाड़ा के तहत पर्यावरण एवं वन विभाग अंतर्गत चिडियाघरों, राष्ट्रीय उद्यानों, वन्यजीव अभयारण्यों आदि संरक्षित क्षेत्रों में कूड़ा-कचरा की सफाई तथा प्लास्टिक/ पॉलीथीन फैलाने से रोकने के लिए नियमानुसार कार्यवाही तथा आमजन को जागरूक करने की कार्यवाही की जायेगी। इसी प्रकार पर्यटन स्थलों, एएसआई द्वारा संरक्षित स्मारकों एवं छावनी परिषद क्षेत्रों में सफाई अभियान के साथ एकल उपयोग वाली प्लास्टिक (सिंगल यूज्ड प्लास्टिक) वस्तुओं के उपयोग को हतोत्साहित करने के लिए आईईसी गतिविधियां जैसे-सूखे और गीले कचरे के पृथक-पृथक पात्र रखने हेतु कैम्पेन चलाई जायेगी। पखवाड़े के दौरान स्कूलों में स्वच्छता अभियान और जागरूकता गतिविधियाँ संचालित की जायेगी आवश्यकतानुसार स्कूलों/ कॉलेजों में स्वच्छता क्लब का गठन किया जायेगा। हर पटरी साफ-सुथरी अभियान के तहत रेल विभाग की सभी परिसंपत्तियों जैसे रेलवे ट्रैक, रेलवे स्टेशन, कॉलोनियों एवं अस्पताल आदि को भी सम्मिलित किया जायेगा। देश एवं राज्य की स्वच्छता सम्बन्धी उपलब्धियों को प्रदर्शित करने के लिये विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किये जाएंगे। स्वैच्छिक स्तर पर संचालित होने वाले स्वच्छता अभियान नेहरू युवा केंद्र के स्वयं सेवकों, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वच्छता प्रहरियों स्वयं सहायता समूहों स्वच्छाग्रहियों आरडब्लूए एवं व्यापारी संगठनों आदि का सहयोग प्राप्त किया जायेगा। एसएचएस-2023 पखवाड़े के दौरान श्रमदान का प्रभावी अभिलेखीकरण करने के साथ विभिन्न गतिविधियों की उच्चक्षमता वाली उच्च फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जायेगी जिसमें ऑन-ग्राउंड गतिविधियों की चित्रों को संकलित कर एसएचएस 2023 पोर्टल पर अपलोड किया जायेगा।जिलाधिकारी ने डीडीओ, पीडी डीआरडीए, सीएमओ, सीवीओ, डीआईओएस, बीएसए, डीसी एनआरएलएम, डीपीओ, डीओ पीआरडी, जिला युवा अधिकारी नेहरू युवा केन्द्र, सूचना अधिकारी तथा समस्त बीडीओ व एडीओ (पं.) को स्वच्छता ही सेवा 2023 ‘‘कचरा मुक्त भारत’’ पखवाड़े का समय से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये हैं।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










