पौधा लगाओ अभियान को सफल बनाने के लिये फलदार पौधे निःशुल्क वितरित किये गये
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद पूसा के 95वें स्थापना दिवस पर कृषि विज्ञान केंद्र लेदौरा एवं गांधी शताब्दी स्मारक महाविद्यालय, कोयलसा के संयुक्त तत्वावधान में फलदार पौधों का रोपण कर वन महोत्सव मनाया गया जिसमें कृषि स्नातक के छात्रों को फलदार पौधे आम, अमरूद, करौदा, नीम, जामुन, नींबू सहित कुल 150 को नि:शुल्क वितरित कर पौधरोपण कराया गया।
केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डा. एल.सी. वर्मा ने बताया कि पौध वितरण का मुख्य उद्देश्य वातावरण को स्वच्छ बनाकर आक्सीजन उपलब्ध कराना है। महाविद्यालय के कृषि के छात्रों को पौधरोपण के प्रति जागरूक करने के लिए एक कृषि गोष्ठी का आयोजन हुआ। महाविद्यालय के प्राचार्य डा. स्वास्ती सिंह ने छात्रों के साथ मिलकर पौधरोपण करते हुये पौधों का जीवन में महत्व पर प्रकाश डाला। विभागाध्यक्ष डा. एनके सिंह ने बताया कि पौधे ही धरती का श्रृंगार हैं जो आक्सीजन देने के साथ जल वर्षा के लिए बहुत आवश्यक हैं। डा बृजेश कुमार ने कहा कि पौधे का जियो टैगिंग करना आवश्यक है। सन 1960 के दशक में कन्हैया लाल मणिकलाल मुंशी ने इस महोत्सव का आगाज किया था।
केवीके के कृषि वानिकी वैज्ञानिक डा. उमेश कुमार ने बताया कि पौधों को लगाने के लिए उसकी निश्चित दूरी का पालन करना जरूरी है। 1.5×1.5 फीट का गड्ढ़ा खोदकर उसमें गोबर की सड़ी हुई खाद डालकर पौध का रोपण करें। पादप प्रजनन वैज्ञानिक डा. अखिलेश यादव ने बताया कि समय-समय पर पानी एवं खाद का प्रयोग कर किसान फलदार पौधों से अपनी आमदनी बढ़ा सकते हैं। छात्रों को सम्बोधित करते हुये केन्द्र के फसल सुरक्षा वैज्ञानिक डा. महेंद्र प्रताप ने बताया कि पौधों को कीड़ों से बचाने के लिए रोपण गड्ढ़े में ही क्लोरपाइरीफास कीटनाशक अवश्य डालें। डा अरूण यादव ने कृषि के छात्रों में पौध वितरण कर जियो टैगिंग करने के लिए प्रशिक्षित किया। महाविद्यालय की फैकल्टी से डॉ सुमित गुप्ता, डॉ निकेत गुप्ता, डा शत्रुघन सिंह के साथ 79 कृषि स्नातक छात्रों ने प्रतिभाग किया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













