किसानों की चमकी किस्मत, किसी को ट्रैक्टर तो किसी को मिला स्मार्ट टीवी
तेजस टूडे ब्यूरो
मुकेश तिवारी
झांसी। नवीन गल्ला मंडी परिसर शनिवार को किसानों की खुशियों का केंद्र बन गया। मुख्यमंत्री कृषक उपहार योजना के तहत 285 किसानों को ट्रैक्टर, पावर टिलर, सोलर उपकरण, स्मार्ट टीवी, मिक्सर ग्राइंडर समेत कई उपयोगी उपहार मिले। इनाम पाकर किसानों के चेहरे खिल उठे। उपहार वितरण समारोह में सांसद अनुराग शर्मा ने कहा कि खेती को लाभ का सौदा बनाने और किसानों को आधुनिक संसाधनों से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि ऐसी योजनाएं किसानों के परिश्रम को सम्मान देने का काम करती हैं। मंडी परिषद की ओर से संचालित इस योजना में मंडी क्षेत्र में अपनी उपज बेचने वाले किसानों को बिक्री के आधार पर कूपन दिए जाते हैं। इन्हीं कूपनों के जरिए त्रैमासिक और छमाही लकी ड्रा निकाले जाते हैं।
सचिव मंडी बबलू कुमार ने बताया कि 16 मार्च 2023 एवं 25 नवंबर 2025 को आयोजित लकी ड्रा में चयनित किसानों को सम्मानित किया गया। योजना के तहत किसानों को 35 हॉर्स पावर ट्रैक्टर, पावर हार्वेस्टर, सोलर पावर पैक, 43 इंच स्मार्ट टीवी, पावर स्प्रेयर, मिक्सर ग्राइंडर जैसे उपयोगी उपहार प्रदान किये गये। मौके पर मौजूद किसानों ने कहा कि यह योजना न केवल आर्थिक मदद देती है, बल्कि खेती के प्रति उनका उत्साह भी बढ़ाती है। कई किसानों ने पहली बार किसी सरकारी योजना में बड़ा पुरस्कार मिलने की खुशी जाहिर किया। इस अवसर पर जॉइंट मजिस्ट्रेट आयुष सैनी, उपनिदेशक मंडी संजय सिंह सहित विभागीय अधिकारी, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA

