HomeTrendingसंविधान दिवस पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में आयोजित हुये कार्यक्रम

संविधान दिवस पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में आयोजित हुये कार्यक्रम

  • संविधान दिवस पर जिले के सभी सरकारी कार्यालयों में आयोजित हुये कार्यक्रम

  • .जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट में अधिकारियों/कर्मचारियों को दिलाया संकल्प

तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद/नसीम अहमद
श्रावस्ती। संविधान दिवस पर जिलाधिकारी मनोज राय की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कार्यक्रम हुआ। इस दौरान उन्होंने कहा कि आज 26 नवंबर का दिन हम सभी भारतीयों के लिए अत्यंत गौरवपूर्ण एवं ऐतिहासिक महत्व का दिन है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। हमारा संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और इसी के साथ भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य बना। आज का दिन हमें अपने संविधान के प्रति सम्मान, निष्ठा और समर्पण व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।
भारतीय संविधान केवल एक कानूनी दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा, हमारी राष्ट्रीय एकता का आधार और प्रत्येक नागरिक के अधिकारों एवं कर्तव्यों का मार्गदर्शक है। संविधान हमें समानता, स्वतंत्रता, न्याय और बंधुत्व का संदेश देता है। हमारे संविधान निर्माताओं, विशेषकर संविधान की प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर जी एवं संविधान सभा के सभी सदस्यों ने एक ऐसे राष्ट्र की परिकल्पना की थी जहाँ प्रत्येक नागरिक को समान अवसर प्राप्त हों, किसी के साथ भेदभाव न हो तथा प्रत्येक व्यक्ति सम्मानपूर्वक जीवन व्यतीत कर सके।
उन्होंने कहा कि आइए, संविधान दिवस के इस पावन अवसर पर हम सभी मिलकर यह संकल्प लें कि ‘‘हम, भारत के लोग, भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-सम्पन्न, समाजवादी, पंथ-निरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने के लिए तथा उसके समस्त नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनैतिक न्याय, विचार, अभिव्यक्ति, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता प्राप्त कराने के लिए, तथा उन सब में व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता और अखण्डता सुनिश्चित करने वाली बन्धुता बढ़ाने के लिए दृढ़ संकल्प होकर अपनी इस संविधान सभा में आज 26 नवम्बर, 1949 ई0 (मिति मार्गशीर्ष शुक्ल सप्तमी, संवत् दो हजार छह विक्रमी) को एतद्द्वारा इस संविधान को अंगीकृत, अधिनियमित और आत्मार्पित करते है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक अशोक कुमार, उपजिलाधिकारी क्रमशः प्रवीण यादव, रवेन्द्र कुमार, दीक्षा अग्रवाल सहित समस्त विभागाध्यक्ष, कलेक्ट्रेट एवं सूचना के समस्त अधिकारी/कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

 

 

 

 

Must Read