संविधान दिवस पर सीएम ने खीरी को दी 80 आम्बेडकर स्थलों के कायाकल्प की सौगात
विधायक एवं जिलाधिकारी ने मितौली-कस्ता क्षेत्र में विकास कार्यों का किया शिलान्यास एवं लोकार्पण

तेजस टूडे ब्यूरो
नन्द कुमार मिश्रा
लखीमपुर खीरी। संविधान दिवस पर खीरी जिले को विकास की नई सौगात मिली। डॉ. बीआर आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के अंतर्गत जिले के 80 आंबेडकर स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के माध्यम से शुभारंभ किया। जिले भर में आयोजित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री के संबोधन और शुभारंभ कार्यक्रम का सजीव प्रसारण किया गया जिसे जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और ग्रामीणों ने देखा एवं सुना। योजना के तहत जिले की सभी 8 विधानसभा क्षेत्रों की 10-10 ग्राम पंचायतों को शामिल करते हुए कुल 80 आंबेडकर स्थलों का चयन किया गया है। इन स्थलों पर सौंदर्यीकरण और आधारभूत सुविधाओं का विकास कराया जाएगा। इसके तहत स्टील ग्रिल बाउंड्रीवाल, शेड, टाइलीकरण, इंटरलॉकिंग, आरसीसी बेंच और सोलर हाईमास्ट लाइटें स्थापित की जाएंगी। इससे आंबेडकर स्थलों को व्यवस्थित, आकर्षक और सुविधायुक्त स्वरूप मिलेगा।
मितौली-कस्ता में एमएलए व डीएम ने किया शिलान्यास
तहसील मितौली एवं विधानसभा कस्ता क्षेत्र में आयोजित कार्यक्रम में विधायक सौरभ सिंह और डीएम अंजनी सिंह शामिल हुए। दोनों ने विभिन्न विकास कार्यों के शिलापटों का अनावरण कर शिलान्यास किया। इस दौरान ग्रामीणों के साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग भी देखी और सुनी गई।
सभी 80 स्थलों पर हुआ माल्यार्पण, सीएम के कार्यक्रम का देखा गया सजीव प्रसारण
मुख्यमंत्री के प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम के उपलक्ष्य में जिले की सभी 80 चयनित ग्राम पंचायतों में कार्यक्रम किये गये। इस दौरान जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं ग्रामीणों ने डॉ. बीआर आंबेडकर की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की लाइव स्ट्रीमिंग देखी और सुनी गई। सभी स्थलों पर प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों के शुभारंभ के साथ संविधान दिवस पर सामाजिक समरसता और समानता का संदेश भी दिया गया। विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता: श्रीनगर में विधायक मंजू त्यागी, गोला में अमन गिरि, बांकेगंज में रोमी साहनी, निघासन में शशांक वर्मा एवं धौरहरा में विनोद शंकर अवस्थी कार्यक्रमों में प्रतिभाग किया गया।







