जनता दर्शन में डीएम का रूख सख्त, 28 शिकायतों पर तत्काल कार्यवाही के निर्देश
तेजस टूडे ब्यूरो
एम अहमद
श्रावस्ती। जिलाधिकारी मनोज राय ने गुरुवार को जनता दर्शन में पहुंचे फरियादियों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनशिकायतों का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि पीड़ितों को समयबद्ध और प्रभावी राहत मिलनी चाहिए। जनता दर्शन के दौरान जिलाधिकारी के समक्ष विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 28 शिकायतें प्राप्त हुईं। जिलाधिकारी ने एक-एक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उनके त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को प्रार्थना पत्र संदर्भित किये। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत की निष्पक्षता से जांच कर निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी समय से उपलब्ध कराई जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता है, इसलिये सभी अधिकारी जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील रहते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करें।











