पुलिस लाइन में हुआ ग्राम प्रहरियों का सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम
मुख्यमंत्री के सम्बोधन का हुआ सजीव प्रसारण
तेजस टूडे ब्यूरो
देवी प्रसाद शर्मा
आजमगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में पुलिस लाइन में जनपद के समस्त ग्राम प्रहरियों को आमंत्रित कर सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम हुआ। इस दौरान बरेली में आयोजित चौकीदार सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण कराया गया। प्रदेश भर में आयोजित कार्यक्रमों के अंतर्गत कुल 68,000 ग्राम प्रहरियों को सम्मानित किया गया।
इस दौरान ग्राम प्रहरियों के मानदेय में वृद्धि की घोषणा तथा उनकी मूलभूत आवश्यकताओं से संबंधित विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही पुलिस लाइन स्थित वर्दी स्टोर से उपस्थित ग्राम प्रहरियों को धोती एवं साफा वितरित कर सम्मानित किया गया। ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस को महत्वपूर्ण सूचनाएं उपलब्ध कराने तथा अपराध नियंत्रण में सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम के माध्यम से उनके योगदान की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया तथा पुलिस एवं ग्राम प्रहरियों के मध्य समन्वय को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात पंकज श्रीवास्तव, क्षेत्राधिकारी सदर कौस्तुभ त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। आजमगढ़ पुलिस जनसहयोग के माध्यम से अपराध नियंत्रण एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।













