इण्डियन रेडक्रॉस सोसायटी की बैठक में एमपी, डीएम व सीडीओ ने भेंट किया अंशदान
मानवता, स्वास्थ्य, आपदा राहत कार्यों में सहयोग का लिया गया संकल्प
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। विकास भवन सभागार में जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय की अध्यक्षता में आयोजित इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की प्रथम बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद बहराइच डाॅ. आनन्द गोंड ने प्रतिभाग किया। सोसायटी के पदाधिकारियों द्वारा स्वागत एवं सम्मान किया गया।
बैठक को सम्बोधित करते हुए सांसद डाॅ. गोंड ने कहा कि हम सभी का संकल्प है कि रेडक्रॉस के माध्यम से मानवता, स्वास्थ्य, आपदा राहत एवं जनकल्याण के कार्यों को नई गति प्रदान करते हुए जरूरतमंदों तक सहायता पहुँचाई जाए। सोसायटी के माध्यम से मानवता, स्वास्थ्य, जनकल्याण एवं जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर जोर दिया। विशेष रूप से आपदाग्रस्त क्षेत्रों, सीमावर्ती इलाकों एवं वन क्षेत्रों में स्थित मिहींपुरवा सहित ऐसे अन्य स्थानों पर स्वास्थ्य शिविरों तथा जनजागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन की आवश्यकता बताई।
जिलाधिकारी ने कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी मानव सेवा एवं मानवीय सहायता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद व्यक्ति तक सहायता पहुँचाना हम सभी का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने जनपद में व्यापक अभियान चलाकर अधिक से अधिक लोगों को आजीवन सदस्य बनाने, सोसायटी को सशक्त एवं समृद्ध बनाने तथा मानव सेवा के लिए समर्पित लोगों को सोसायटीे जोड़ने का आह्वान किया। मुख्य विकास अधिकारी सुनील धनवंता ने कहा कि मानव सेवा ही सच्ची सेवा है। हम सभी को सामाजिक सरोकारों को सशक्त बनाने तथा जरूरतमंदों की सहायता के लिए समर्पित भाव से कार्य करना चाहिए।
इस अवसर पर सोसायटी के उपाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, चेयरमैन पुत्ती लाल वाजपेयी, सचिव अमित टंडन, कोषाध्यक्ष बृजेश सिंह, वाइस चेयरमैन सुभाष सिंह, दीपक सोनी उर्फ दाऊ, देवेश चंद्र मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष सिंह, विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के अधीक्षकगण सहित अन्य अधिकारी एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे।













