HomeTrendingभीषण गर्मी एवं बदलते मौसम से हरचंदपुर में बढ़ीं बीमारियां

भीषण गर्मी एवं बदलते मौसम से हरचंदपुर में बढ़ीं बीमारियां

  • भीषण गर्मी एवं बदलते मौसम से हरचंदपुर में बढ़ीं बीमारियां

  • सीएचसी में उमड़ी मरीजों की भारी भीड़

तेजस टूडे सं.
मनीष अवस्थी
रायबरेली। हरचंदपुर क्षेत्र में लगातार बढ़ती भीषण गर्मी और मौसम के बदलते मिजाज ने लोगों की सेहत बिगाड़ दी है। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मरीजों की तादाद में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। बदलते मौसम के कारण अस्पताल की ओपीडी में मरीजों की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। मौसम में आए इस अचानक बदलाव के कारण सीएचसी हरचंदपुर की ओपीडी में कुल 300 से 400 मरीज इलाज के लिए पहुंचे। इनमें से लगभग 100 मरीज केवल उल्टी, दस्त, डायरिया और पेट दर्द जैसी गंभीर समस्याओं से पीड़ित पाए गए। अस्पताल आने वाले मरीजों में सबसे ज्यादा संख्या बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की है जो इस मौसम की मार को झेल रहे हैं। चिकित्सकों ने सभी मरीजों की जांच कर उन्हें जरूरी दवाएं और ओआरएस के पैकेट बांटे।

लापरवाही एवं तेज धूप बनी बीमारी की मुख्य वजह
सीएचसी हरचंदपुर के चिकित्सक डॉ. राजीव गौतम ने बताया कि आसमान से बरसती आग, बढ़ता तापमान और खानपान में लापरवाही के कारण मौसमी बीमारियां तेजी से पैर पसार रही हैं। वर्तमान में शरीर में पानी की कमी (डीहाइड्रेशन) और दूषित भोजन का सेवन करने से पेट की बीमारियां सबसे ज्यादा बढ़ रही हैं।

चिकित्सक डा. राजीव गौतम की आमजन से अपील
बचाव को लेकर डॉ. राजीव गौतम ने क्षेत्र के लोगों को कुछ बेहद जरूरी सावधानियां बरतने की सलाह दी है। दोपहर में निकलने से बचें, तेज धूप में अनावश्यक रूप से घर से बाहर न जाएं। शरीर में पानी की कमी न होने दें, लगातार साफ पानी पीते रहें। ताजा भोजन अपनाएं, बासी और दूषित भोजन से पूरी तरह दूरी बनाएं, केवल स्वच्छ व ताजा खाना खाएं। गर्मी के मौसम में व्यक्तिगत और आसपास की स्वच्छता बेहद जरूरी है।

आने वाले दिनों में बढ़ सकता है खतरा
डॉ. गौतम ने चेतावनी देते हुए कहा कि आगामी बरसात के मौसम में संक्रमण फैलने से मरीजों की संख्या और अधिक बढ़ सकती है, इसलिए लोग बदलते मौसम को देखते हुए अभी से अतिरिक्त सावधानी बरतें। उन्होंने सलाह दी कि यदि किसी को भी लगातार उल्टी, दस्त, चक्कर आना या ज्यादा कमजोरी महसूस हो तो घरेलू नुस्खों के भरोसे न रहे। ऐसे मरीज बिना किसी देरी के तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र जाकर डॉक्टर से संपर्क करें, ताकि समय रहते गंभीर स्थिति से बचा जा सके।

 

 

 

 

Must Read