रोजगार सेवकों ने बीडीओ को सौंपा ज्ञापन
तेजस टूडे सं.
महेश वर्मा
बृजमनगंज, महराजगंज। स्थानीय विकास खंड कार्यालय में लंबित मांगों पर कार्रवाई न होने के विरोध में ग्राम रोजगार सेवकों ने विशेष रोजगार सृजन सप्ताह का कार्य बहिष्कार करने व 3 दिसंबर को विधानसभा का घेराव करने की चेतावनी दी है। इस संबंध में ग्राम रोजगार सेवकों ने खंड विकास अधिकारी, बृजमनगंज को ज्ञापन सौंपा है।
ज्ञापन के माध्यम से कहा गया कि प्रदेश के ग्राम रोजगार सेवक लंबे समय से मानदेय वृद्धि, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, ईपीएफ भुगतान एवं अन्य विभागीय समस्याओं के समाधान हेतु शासन व विभाग से वार्ता के माध्यम से निरंतर प्रयासरत हैं। इसी क्रम में 13 नवंबर को आयुक्त, ग्राम्य विकास विभाग के साथ ग्राम रोजगार सेवक संघर्ष मोर्चा की वार्ता हुई थी जिसमें समस्याओं के समाधान हेतु एक सप्ताह का समय मांगा गया था लेकिन निर्धारित समय पूरा होने के बावजूद अब तक कोई ठोस निर्णय अथवा आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। शासन की इस उदासीनता से प्रदेश के हजारों ग्राम रोजगार सेवकों में भारी आक्रोश एवं असंतोष व्याप्त है।
संगठन द्वारा निर्णय लिया गया कि 23 नवंबर से प्रारंभ होने वाले विशेष रोजगार सृजन सप्ताह के दौरान प्रदेश के समस्त ग्राम रोजगार सेवक कार्य बहिष्कार कर अपना विरोध दर्ज कराएंगे। मांगों पर समयबद्ध निर्णय नहीं होने पर 27 नवंबर को जिला मुख्यालय पर व तीन दिसंबर को प्रदेश भर के ग्राम रोजगार सेवकों द्वारा विधानसभा, लखनऊ का घेराव किया जाएगा। इस अवसर पर रोजगार सेवक इंद्र विजय यादव, रमेश कुमार, श्याम बदन, राम मिलन, मनमोहन, रामनेवास, दिव्य प्रकाश, मनीष यादव, महादेव, सुजीत सहित अन्य मौजूद रहे।











