बिजली विभाग के एक्सईएन पर छेड़खानी का आरोप, महिला कर्मचारी ने की पिटाई
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। मुख्यालय में बिजली विभाग के अधिशासी अभियंता (XEN) मनोज विश्वकर्मा से जुड़ा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। महिला कर्मचारी पूजा शर्मा द्वारा XEN पर छेड़खानी और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए जाने के बाद मामला चर्चा में है। इसी विवाद के बीच महिला कर्मचारी द्वारा अधिशासी अभियंता की पिटाई किए जाने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में महिला कर्मचारी अधिशासी अभियंता के साथ हाथापाई करती दिखाई दे रही हैं। वहीं मौके पर एक अन्य व्यक्ति भी मौजूद नजर आ रहा है। घटना के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों में नाराजगी देखने को मिली। साथी कर्मचारी थाने पहुंचे और अधिशासी अभियंता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग उठाई। कर्मचारियों ने मनोज विश्वकर्मा को तत्काल निलंबित किए जाने की भी मांग किया। मामले में पुलिस की ओर से भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस ने वायरल प्रकरण का संज्ञान लेते हुए थाना कोतवाली नगर पुलिस को पीड़िता से संपर्क स्थापित करने और पूरे मामले की जांच करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जांच के आधार पर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। फिलहाल मामले में दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस की जांच और आधिकारिक कार्रवाई के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।











