राजनीतिक दलों को उपलब्ध करायी गयी आलेख्य मतदाता सूची
तेजस टूडे ब्यूरो
बृजेन्द्र कुमार
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी अशोक कुमार की अध्यक्षता में जनपद के समस्त मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के संबंध में बैठक हुई। बैठक में 17 नवंबर से आलेख्य निर्वाचक नामावली के प्रकाशन तथा आगामी विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को जनपद की आलेख्य निर्वाचक नामावली भी उपलब्ध कराई गई। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपील की कि जनपद के वर्तमान लिंगानुपात 840 को बढ़ाकर 860 तक पहुंचाने में अपना सक्रिय सहयोग प्रदान करें। विशेष रूप से महिला मतदाताओं के पंजीकरण पर ध्यान देते हुए पात्र महिलाओं के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने में सहयोग करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र नागरिक अथवा नया मतदाता मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे तथा निर्वाचक नामावली शत-प्रतिशत शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाई जाय।
उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपने बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) के माध्यम से बूथ स्तर पर अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील किया। साथ ही बताया कि 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर को निर्धारित विशेष अभियान की तिथियों पर सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) अपने मतदान केंद्रों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं अन्य आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करेंगे। इसके अतिरिक्त जनपद के कुल मतदान केंद्रों के 10 प्रतिशत पर ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों के माध्यम से प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम किये जायेंगे जिससे आम मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी मिल सके।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एस.पी. शुक्ला, जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार, आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव अरविन्द शिवहरे, बहुजन समाज पार्टी के विधानसभा प्रभारी वीरेन्द्र वर्मा, भारतीय जनता पार्टी के जिला महामंत्री लक्ष्मीरतन साहू, इंडियन नेशनल कांग्रेस के जिला सचिव सूर्य किशोर तिवारी, समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष विवेक कुमार, अपना दल (सोने लाल) के जिलाध्यक्ष महेन्द्र राजपूत सहित अन्य संबंधित अधिकारी एवं राजनीतिक दलों के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।











