ट्राइसाइकिल के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा दिव्यांग
प्रदीप कुमार
हरदोई। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार भले ही दिव्यांग जनों के कल्याण के तमाम बड़े-बड़े दावे करती हो लेकिन दिव्यांगजनों के कल्याण के दावों की हकीकत जमीन पर पहुंचते-पहुंचते किस कदर हांफने लग जाती है, इसकी बानगी हरदोई जिले के कलेक्ट्रेट के पास उस समय देखने को मिली जब दोनों पैरों से चलने फिरने में असमर्थ एक दिव्यांग ट्राई साइकिल की आस में कलेक्ट्रेट पहुंचा।
जमीन पर घिसट घिसटकर कलेक्ट्रेट पहुंचे दिव्यांग ने अधिकारियों के सामने ट्राई साइकिल दिलाने के गुजारिश की। जिम्मेदार अधिकारियों की संवेदनहीनता के चलते कई बार शिकायत किये जाने के बाद भी एक जरूरतमंद दिव्यांग को आजतक एक ट्राइसाइकिल न मिल पाना सरकारी सिस्टम पोल खोल रहा है। बताते चलें कि अधिकारियों से ट्राई साइकिल दिलाने की फरियाद लेकर घिसट घिसटकर कलेक्ट्रेट पहुंचे दिव्यांग का नाम छोटे भईया है और वह सुरसा ब्लाक के ग्राम बहादुर पुरवा का रहने वाला है। दिव्यांग छोटे भईया ने बताया कि ट्राइसाइकिल के लिए वह कई बार अधिकारियों से मिलकर गुहार लगा चुका है लेकिन हर बार अधिकारी उसे ट्राइसाइकिल दिलाने का आश्वासन देकर वापस भेज देते हैं।
बकौल छोटे भईया अधिकारियों के द्वारा कई बार आश्वासन दिए जाने के बाद भी आजतक उसे ट्राइसाइकिल नही मिल पाई है जिसके कारण वह जमीन पर घिसट घिसटकर चलने के लिए मजबूर है। अब आगे देखना होगा कि आखिरकार जिम्मेदार अधिकारी कब लापरवाही की नींद से जागेंगे और कब दिव्यांग छोटे भईया को जमीन पर घिसट घिसटकर चलने से मुक्ति मिल पाती है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।













