नवरात्र के प्रथम दिन देवी मन्दिरों में उमड़े श्रद्धालु, किये दर्शन पूजन
अतुल राय
रामेश्वर, वाराणसी। कलश स्थापना के साथ रविवार को शारदीय नवरात्र के अनुष्ठानों का शुभारंभ हो गया। नवरात्र के पहले दिन देवी भक्तों ने उपवास रखकर कलश स्थापना के बाद मां के शैलपुत्री स्वरूप की आराधना की। इसी के साथ नवरात्र के नौ दिवसीय व्रतों की शुरुआत की। पहले दिन प्राचीन दुर्गा मंदिर बरेमा, तुलजा भवानी रामेश्वर, समेत विभिन्न देवी मंदिरों में दर्शनार्थियों की भीड़ उमड़ी। दिन भर मां के जयकारे और घंटा-घड़ियाल से मंदिर गूंजते रहे। रामेश्वर स्थित दुर्गाऔर तुलजा मंदिर में सुबह से ही श्रद्घालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। भक्तों ने मां को मिष्ठान, फल-फूल, नारियल, श्रृंगार सामग्री और चुनरी आदि भेंट करते हुए जयकारे लगाए। साथ ही भक्तों ने अपने-अपने घरों में घट स्थापना कर व्रत की शुरुआत की। नवरात्र के लिये देवी मंदिरों को फूलों की लड़ियों और बिजली की रंग बिरंगी झालरों से सजाया गया है।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।
















