एक-एक वोट से मजबूत होता है लोकतंत्र
डीएम ने विद्यार्थियों को समझायी मतदान की ताकत
तेजस टूडे ब्यूरो
लखीमपुर खीरी। लोकतंत्र की ताकत केवल चुनाव कराने में नहीं, बल्कि हर पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने में है। एक-एक वोट की अहमियत समझाने और युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया से जोड़ने के लिए डीएम अंजनी कुमार सिंह रविवार को राजरानी माता शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज बेहजम पहुंचे। यहां उन्होंने बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद कर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। डीएम ने युवाओं को समझाया कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र में अपनी आवाज और भागीदारी सुनिश्चित करने का पहला कदम है। कार्यक्रम का सफल संयोजन विद्यालय प्रमुख राजेश गुप्ता ने किया।
डीएम ने हाथ उठवाकर जानी युवाओं की भागीदारी
विद्यार्थियों के बीच पहुंचे डीएम ने संवाद की शुरुआत सीधे सवाल से किया। साथ ही पूछा कि वर्ष 2008 या उससे पहले जन्मे कितने विद्यार्थियों का नाम मतदाता सूची में दर्ज है। इसके लिए उन्होंने पात्र छात्र-छात्राओं से हाथ उठवाकर स्थिति जानी। जिनका नाम अभी मतदाता सूची में शामिल नहीं है, उन्हें फॉर्म-6 भरकर पंजीकरण कराने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से अपील किया कि पात्रता पूरी होते ही मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य दर्ज कराएं, ताकि मतदान का अवसर आने पर वे लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी भागीदारी निभा सकें।
छात्रा को मंच पर बुलाया
मतदाता जागरूकता को केवल भाषण तक सीमित न रखते हुए डीएम ने इसे रोचक सवाल-जवाब का रूप दिया। उन्होंने एक छात्रा को मंच पर बुलाकर EPIC का पूरा नाम पूछा। इसके बाद विद्यार्थियों को बताया कि EPIC यानी Elector Photo Identity Card का अर्थ मतदाता फोटो पहचान पत्र है। इस सहज संवाद के जरिए उन्होंने छात्र-छात्राओं को निर्वाचन से जुड़े सामान्य ज्ञान और मतदाता पहचान पत्र के महत्व से परिचित कराया। उन्होंने युवाओं से पात्रता पूरी होने पर फॉर्म-6 भरकर नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने, परिवार सहित आस—पास के लोगों को भी जागरूक करने की अपील किया, ताकि कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
युवाओं को दिया भागीदारी का मंत्र
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि किसी भी बड़े बदलाव की शुरुआत छोटे प्रयास से होती है। एक कतरा ही आगे चलकर दरिया और समुद्र बनता है। इसी तरह लोकतंत्र में प्रत्येक मतदाता की भागीदारी महत्वपूर्ण है। उन्होंने युवाओं से अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने, लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और भटकाव से बचने का आह्वान किया।











