डीएम ने मतदान केन्द्र का किया निरीक्षण
युवक—युवतियों को आनलाइन सेवाएं प्राप्त करने के लिये किया जागरूक
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम अन्तर्गत द्वितीय विशेष अभियान तिथि के दौरान संचालित गतिविधियों का जायज़ा लेने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय ने उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरूण कुमार व मुख्य राजस्व अधिकारी सौरभ दुबे के साथ विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र-286 बहराइच अन्तर्गत मतदान केन्द्र उच्च प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाईन-प्रथम तथा सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज माधवरेती का निरीक्षण किया।
मतदान केन्द्र उच्च प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाईन-प्रथम के निरीक्षण के दौरान सांसद बहराइच डॉ. आनन्द गोंड व मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय कुमार भी मौजूद थे। मतदान केन्द्र उच्च प्राथमिक विद्यालय पुलिस लाईन-प्रथम के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बूथ लेबिल अधिकारी रेणुबाला, रीता सिंह, भावेश द्विवेदी, घनश्याम व प्रवीण कुमार शुक्ला तथा मतदान केन्द्र सरस्वती विद्या मन्दिर इण्टर कालेज माधवरेती पर मौजूद बूथ लेबिल अधिकारी रजत सिंह व दीपिका पाठक से मतदाता सूची से संबंधित कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने बीएलओ से प्राप्त फॉर्म-6, 7 व 8 की स्थिति के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए बूथ लेबिल अधिकारियों को निर्देशित किया कि गया वे घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें।
जिलाधिकारी ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 कार्यक्रम के अन्तर्गत 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित अन्तिम निर्वाचक नामावली एवं उसके पश्चात की समस्त पूरक सूचियों की उपलब्धता के बारे में भी जानकारी प्राप्त किया। जिलाधिकारी ने बीएजओ को निर्देश दिया कि डबलिंग न होने पाये तथा बर्ल्ड फोटो अपलोड करने से बचा जाय तथा प्रयास कर अधिकाधिक नवयुवकों नवयुवतियों के प्रपत्र-6 भरवाये जायं। अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके सभी पात्र युवाओं के प्रपत्र-6 भरवाकर उनका नाम मतदाता सूची में अनिवार्य रूप से जुड़वाया जाए। साथ ही मृतक, स्थानान्तरित एवं डुप्लीकेट मतदाताओं के नाम फॉर्म-7 के माध्यम से सूची से हटाए जाएं तथा नाम, पता, फोटो आदि में त्रुटि होने पर फॉर्म-8 से सुधार कराया जाए। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिया गया कि फॉर्म-6, 7 व 8 का निस्तारण समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित किया जाए। मतदाता सूची के पुनरीक्षण जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी।
जिलाधिकारी बीएलओ को निर्देष दिया कि बूथ पर आने वालो को मोबाइल पर क्यू.आर. कोड को स्कैन करके वोटर हेल्पलाइन ऐप, सीईओ उत्तर प्रदेश तथा वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन वेेबसाइट की सेवाएं आनलाईन प्राप्त करने हेतु जागरूक भी किया जाय। डीएम ने निर्देशित किया कि पुनरीक्षण अभियान के दौरान आमजन विशेषकर 1 जनवरी 2027 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवाओं, विशेषरूप से कमज़ोर जनजातीय समूह, अर्ह एवं छूटे हुए दिव्यांगजन, महिलाओं, बेघर के प्रपत्र 06 भरवाये जाने पर विशेष फोकस किया जाय। मतदाता सूची में अधिक से अधिक अर्ह नागरिकों का नाम सम्मिलित कराये जाने हेतु सम्बन्धित अधिकारियों कर्मचारियों, कोटेदार, सभासद, बीएलए व अन्य सम्बन्धित से भी अपेक्षित सहयोग प्राप्त किया जाय।
डीएम ने निर्देश दिया हेल्प डेस्क के माध्यम से मतदान केन्द्र पर आने वाले नागरिकों को जागरूक किया जाय कि इच्छुक व्यक्ति वेबसाइट वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन पर जाकर प्रपत्र 06, 07 व 08 ऑनलाइन भी भर सकते हैं तथा सीईओ उत्तर प्रदेश डाट एनआईसी डाट इन पर विजिट कर योर नेम इलेक्टोरल रोल के बटन क्लिक करके मतदाता द्वारा अपने से सम्बन्धित विवरण की पुष्टि की जा सकती है। इसके अलावा वेबसाइट इलेक्टोरल सर्च डाट इन अथवा वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन पर भी अपना नाम मतदाता सूची में देखा जा सकता है तथा वोटर हेल्पलाइन ऐप को डाउनलोड करके भी यह सब सेवाएं प्राप्त की जा सकती हैं। इच्छुक मतदाता क्यू.आर. कोड को स्कैन करके वोटर हेल्पलाइन ऐप, सीईओ उत्तर प्रदेश तथा वोटर्स डाट ईसीआई डाट जीओवी डाट इन वेेबसाइट की सेवाएं भी प्राप्त कर सकते हैं।











