गाजीपुर—आजमगढ़ के सरहद पर दिखा खतरनाक तेंदुआ
तेजस टूडे ब्यूरो
सादात, गाजीपुर। बहरियाबाद थाना क्षेत्र के भरतपुर गांव में तेंदुआ दिखने से दहशत है। वन विभाग की टीम पगचिन्हों के आधार पर तलाश में जुटी है। टीम ने नर और मादा तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि की है। ग्रामीणों के अनुसार गांव के कोटेदार खूबे लाल सिंह और अवध राज सिंह के घर के अंदर से बच्चों ने तेंदुए की तस्वीर मोबाइल में कैद की। इसके बाद ग्रामीणों ने बहरियाबाद पुलिस को सूचना दी। ग्रामीणों ने बताया कि दो दिन पहले दरोगा सिंह और शैलेश सिंह के खेत में धान काट रहे हार्वेस्टर चालक ने तीन तेंदुए एक साथ देखे थे लेकिन तब इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। कोटेदार के घर के पास तस्वीर सामने आने के बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर शुक्रवार देर रात आजमगढ़ और सैदपुर से वन विभाग के अधिकारी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टॉर्च और उपकरणों की मदद से खेतों और झाड़ियों में रात भर तलाश की गई। शनिवार सुबह भी सर्च अभियान जारी रहा। खेतों की गीली मिट्टी में तेंदुए के पगचिन्ह मिले हैं। वन विभाग ने ग्रामीणों से रात में अकेले बाहर न निकलने और खेतों की ओर जाते समय सतर्क रहने की अपील की है।











