खुले आसमान तले रहने को गोवंश मजबूर
चारा व भूसा का भी अस्थायी गौशाला में अभाव
रूपा गोयल
बांदा। बरछा डंडिया गांव की अस्थाई गोशाला में गोवंश अव्यवस्थाओं के कारण खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। भूसा चारा का भी अभाव है। पता चला है कि सचिव व प्रधान द्वारा रुचि न लेने के कारण यहा कई माह से शासन से गौशाला योजना अनुदान की सहायता भी नहीं मिली है। शासन—प्रशासन की तमाम सख्ती के बाद भी बरखा डंडिया गांव के जिम्मेदार अपना फर्ज नहीं निभा रहे जिससे गांव की अस्थाई गोशाला में रह रहे लगभग 100 गोवंश चिलचिलाती धूप में खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हैं। विश्व हिंदू महासभा सुरक्षा प्रकोष्ठ के तहसील अध्यक्ष सोनू करवरिया ने बताया कि उन्होंने गोशाला पहुंचकर व्यवस्था देखी है। यह प्रधान और सचिव ने छाया की कोई व्यवस्था नहीं की है। भूसा चारा का भी पर्याप्त इंतजाम नहीं है। ब्लाक कार्यालय से पता चला है कि लगभग एक वर्ष से इस गौशाला को सरकारी सहायता नहीं मिली। बताया कि यहां पशुओं की अधिक संख्या दिखाकर भुगतान लेने का प्रयास किया गया था जिस पर पशु चिकित्सा अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट नहीं लगाई। उपजिलाधिकारी अतर्रा राजेन्द्र सिंह ने बताया कि उन्हें डीएम द्वारा इस गौशाला का नोडल अधिकारी बनाया गया है। निरीक्षण के दौरान उन्हें शिकायत मिली थी। बताया कि उक्त जगह गोशाला के लिए उपयुक्त नहीं है। जल्द दूसरी जगह गौशाला बनाने की तैयारी की जा रही हैं।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










