रची दो महीने में हत्या की साजिश, चूक हुई, फिर भी उतार दिया मौत के घाट
सूर्य प्रकाश हत्याकाण्ड में 3 गिरफ्तार, जिपं सदस्य सहित 3 मास्टरमाइण्ड अभी भी फरार
राजेश श्रीवास्तव
अयोध्या। हत्या का षड़यंत्र दो माह से रचा जा रहा था सूर्य प्रकाश दुबे की। योजना बनाई गई थी कि लग्जरी कार से कुचल कर सूर्य प्रकाश दुबे को मार दिया जाय और दुर्घटना की शक्ल दे दी जाय। षड़यंत्र को अंजाम भी दिया गया लेकिन वाहन की चपेट में आकर सूर्यप्रकाश की बाइक असंतुलित होकर गिर गई। मंसूबे में विफल रहने पर विपक्षियों को पसीना छूट गया लेकिन हत्या तो करनी ही थी, इसलिए वाहन से उतर कर आरोपियों ने सूर्य प्रकाश और उनके भतीजे अखंड प्रताप दुबे पर डंडे व हथौड़े से वार करना शुरू कर दिया जिसमें गंभीर चोटें आने से सूर्य प्रकाश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अखंड घायल है।
यह जानकारी एसएसपी शैलेश पांडेय ने दी। पुलिस लाइन में सूर्य प्रकाश हत्याकांड के खुुलासा को लेकर आयोजित पत्रकार वार्ता को वह संबोधित कर रहे थे। एसएसपी ने बताया कि इस मामले में इनायतनगर के टकसरा निवासी दिनेश यादव, कैंट के मऊशिवाला निवासी रामकुमार वर्मा एवं कैलपारा निवासी ओम प्रकाश पांडेय को गिरफ्तार कर लिया गया है। वारदात की साजिश रचने वाले जिपं सदस्य हरिपाल वर्मा, रामसुधार यादव एवं अंशू यादव अभी फरार हैं जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। गत सात फरवरी को कैलपारा निवासी सूर्य प्रकाश दुबे अपने भतीजे अखंड के साथ बाइक से जा रहे थे। रास्ते में पिपराताल के पास लग्जरी कार सवार लोगों ने बाइक में टक्कर मारकर उन्हें गिरा दिया और डंडे व हथौड़े से पीट-पीट कर सूर्य प्रकाश को मौत के घाट उतार दिया जबकि हमले में अखंड को भी गंभीर चोटें आई हैं। हमले के बाद लग्जरी कार छोड़ कर भाग रहे दिनेश और रामकुमार को ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था।
इस मामले में एसओजी टीम को भी छानबीन के लिए लगाया गया था। हत्या के पीछे भूमि विवाद ही कारण था। मृतक की मां के नाम की भूमि हरिपाल एवं रामसुधार ने बैनामा करा ली थी जिस पर मृतक के भाइयों ने आपत्ति लगाई थी। सूर्य प्रकाश ही इस मामले की पैरवी कर रहे थे, इसलिए सभी ने मिल कर उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची। इसके लिए आरोपी रामसुधार ने अपने परिचित रामकुमार के नाम पर एक लग्जरी कार खरीदी। इसके बाद नया सिम एवं मोबाइल भी खरीदा। ओम प्रकाश इसी मोबाइल से सूर्य प्रकाश की लोकेशन कार में सवार आरोपियों तक पहुंचा रहा था।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












