प्रदर्शनी एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखायी प्रतिभा
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
फखरपुर, बहराइच। परसेंडी स्थित इटरनल ब्लिस स्कूल में बच्चों की रचनात्मक प्रतिभा, वैज्ञानिक सोच और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से प्रदर्शनी एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. एन.के. सिंह (अधीक्षक सीएचसी कैसरगंज) उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों द्वारा तैयार की गई विभिन्न सामग्रियों और मॉडलों का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना किया।
कार्यक्रम के तहत लोअर सेक्शन के नर्सरी, एलकेजी एवं यूकेजी के बच्चों ने फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने डॉक्टर, सैनिक, पायलट, दूल्हा, महादेव, राधा-रानी, किसान एवं विभिन्न सांस्कृतिक वेशभूषाओं में अपनी शानदार प्रस्तुतियां दीं।वहीं अपर सेक्शन की कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थियों ने क्राफ्ट एवं विज्ञान प्रदर्शनी के माध्यम से अपनी प्रतिभा दिखाई। प्रदर्शनी में जल चक्र, अम्लीय वर्षा, चंद्रयान जैसे वैज्ञानिक विषयों पर आकर्षक मॉडल प्रस्तुत किये गये। साथ ही ब्लड ग्रुप टेस्ट की गतिविधि भी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। बच्चों ने विभिन्न हस्तनिर्मित सामग्रियों के माध्यम से अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक समझ का परिचय दिया।
विद्यालय परिसर को बच्चों एवं शिक्षकों के सहयोग से आकर्षक ढंग से सजाया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षिकाओं ज्योति सिंह, शालू, पूनम शुक्ला, अमरीन, छवि मिश्रा, चांदनी, अलशीदा हलीम एवं सृष्टि यादव का विशेष योगदान रहा। नर्सरी से कक्षा 8 तक संचालित इस विद्यालय में ऐसे आयोजन बच्चों के मानसिक एवं बौद्धिक विकास, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और व्यावहारिक ज्ञान को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभिभावकों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए विद्यालय के इस प्रयास को सराहनीय बताया।











