बाल मेले में बच्चों ने लगाया विभिन्न व्यंजनों का स्टाल
तेजस टूडे सं.
महेश वर्मा
बृजमनगंज, महराजगंज। बाल दिवस पर आलमाइटी पब्लिक इंटर कॉलेज में शनिवार को बाल मेले का आयोजन हुआ। छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों के स्टॉल लगाकर, रोमांचक खेलों एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। बाल मेले में बच्चों द्वारा लगाए गए विभिन्न खाद्य पदार्थों के स्टॉल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे। छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपने स्टॉल का संचालन किया।
विद्यालय के प्रबंधक महमूद आलम ने कहा कि बाल मेले का मुख्य उद्देश्य नन्हीं प्रतिभाओं को एक मंच प्रदान करना तथा उनमें आत्मविश्वास, कौशल विकास, व्यावसायिक समझ, टीम भावना और रचनात्मकता को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल किताबी ज्ञान देना ही नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए उन्हें व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना भी है। इसके पहले जवाहरलाल नेहरू के चित्र पर माल्यार्पण कर विद्यालय के प्रधानाचार्य प्रेमशंकर चौहान ने उनके जीवन, व्यक्तित्व एवं बच्चों के प्रति उनके विशेष प्रेम पर विस्तार से प्रकाश डाला।











