बहराइच में ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ रवाना
किशोरियों एवं स्थानीय हितधारकों की भागीदारी से गांवों में गूंजा बदलाव का संदेश
तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। अंतरराष्ट्रीय बाल विवाह उन्मूलन दिवस पर जनपद को बाल विवाह से मुक्त बनाने के उद्देश्य से व्यापक जन जागरूकता अभियान का आगाज किया गया। देहात इंडिया एवं जस्ट राइट की पहल पर जिला कार्यालय परिसर में जिलाधिकारी राजेश पांडेय की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम के दौरान ‘बाल विवाह मुक्ति रथ’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। जिलाधिकारी राजेश ने कहा कि बाल विवाह से बच्चों का बचपन, शिक्षा और सुरक्षित भविष्य के लिए गंभीर चुनौती हैं। इस सामाजिक बुराई को जड़ से समाप्त करने के लिए प्रशासन के साथ समाज के हर तबके की सामूहिक जिम्मेदारी जरूरी है। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे कम उम्र में बच्चों का विवाह न करें और उनकी पढ़ाई, स्वास्थ्य तथा आत्मनिर्भरता को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। बाल विवाह मुक्ति रथ के माध्यम से जिले के ग्रामीण अंचलों में लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणाम तथा संबंधित कानूनी प्रावधान के प्रति जागरूक किया गया। विशेष रूप से विकास खंड मिहींपुरवा, तेजवापुर, हुजूरपुर एवं चित्तौरा में इस अभियान का व्यापक और सफल संचालन किया गया। जन जागरूकता को सशक्त बनाने के उद्देश्य से समुदाय के सहयोग से कैंडिल मार्च भी निकाला गया जिसमें हाथों में मोमबत्तियां लेकर लोगों ने बाल विवाह मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
अभियान को जमीनी स्तर पर प्रभावी बनाने में किशोरियों की सक्रिय भूमिका के साथ स्थानीय हितधारकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। कार्यक्रम का सफल क्रियान्वयन खंड विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान, ग्राम विकास अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों, आशा बहुओं और अध्यापकों के सहयोग से किया गया। जमीनी स्तर पर जुड़े इन सभी वर्गों के समन्वय से परिवारों और समुदायों तक सीधा संवाद स्थापित हो सका जिससे बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा को नई मजबूती मिली।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई, चाइल्डलाइन, एएचटीयू, देहात इंडिया, प्रथम संस्था सहित अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों, स्थानीय हितधारकों, किशोरियों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति रही। सभी ने मिलकर बहराइच को बाल विवाह मुक्त, शिक्षित और सुरक्षित जनपद बनाने का संकल्प दोहराया।











