शिकोहाबाद नगर पालिका में 21 लाख के कथित फर्जी भुगतान का मामला उजागर
दो कर्मचारियों की हाजिरी पर उठे सवाल
तेजस टूडे ब्यूरो
आशीष पचौरी
शिकोहाबाद, फिरोजाबाद। स्थानीय नगर पालिका परिषद में आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों के भुगतान को लेकर कथित वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। शिकायत में आरोप लगाया गया कि दो ऐसे कर्मचारियों के नाम पर वर्षों से पारिश्रमिक का भुगतान किया जा रहा है जिनके काम करने को लेकर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि इस तरह करीब 21 लाख रुपये अतिरिक्त भुगतान एक ही कर्मचारी के खाते में पहुंच चुका है। शिकायत के अनुसार वर्ष 2019-20 से 2025-26 के बीच आउटसोर्स कंप्यूटर ऑपरेटरों के पारिश्रमिक भुगतान में अनियमितता हुई। बंटी उर्फ रफाकत हुसैन पर आरोप है कि दो अन्य कर्मचारियों मु. आसिफ और मु. आमिर की हाजिरी दर्शाकर उनके पारिश्रमिक की धनराशि भी अपने खाते में प्राप्त किया। आरोप है कि मु. आसिफ के नाम पर भुगतान वर्ष 2019 से ही किया जा रहा है। शिकायतकर्ता का दावा है कि पंजाब नेशनल बैंक के खाते में करीब 21 लाख रुपये अतिरिक्त भुगतान पहुंच चुका है और यह सिलसिला अभी भी जारी है। मामले में नगर पालिका के जिम्मेदार अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की जानकारी में भुगतान होने के आरोप भी लगाए गए हैं।
शिकायत में चेयरमैन रानी गुप्ता, अधिशासी अधिकारी राजकुमार चौधरी, बड़े बाबू हृदय राम तथा चेयरमैन के पति राजीव गुप्ता की भूमिका पर सवाल उठाए गए हैं। आरोप है कि पालिका के कामकाज में राजीव गुप्ता का हस्तक्षेप रहता है और कथित अनियमितताओं के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। मामले को लेकर नगर विकास मंत्री, मुख्य सचिव नगर विकास विभाग, निदेशक स्थानीय निकाय निदेशालय तथा आयुक्त आगरा मंडल को शिकायत भेजे जाने की बात कही गई है। शिकायतकर्ता ने भुगतान संबंधी अभिलेखों की जांच कर जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग किया है। अब सवाल यह है कि यदि भुगतान वास्तव में दो कर्मचारियों के नाम पर हुआ है तो उनकी नियुक्ति, उपस्थिति, कार्य और बैंक खातों की जांच क्यों नहीं कराई गई? आखिर सरकारी धन के भुगतान की जिम्मेदारी तय करने के लिए जांच कब होगी? मामले में संबंधित पक्षों का आधिकारिक जवाब प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जायेगा।











