टेल तक नहीं पहुंच रहा नहर का पानी
किसान संघर्ष मोर्चा के प्रतिनिधिमण्डल ने अधीक्षण अभियंता से की मोटर पम्प लगाने की मांग
अधीक्षण अभियन्ता ने अपने कार्यकाल में परमामेंट सॉल्यूशन का दिया भरोसा
भभुआ। खरीफ सीजन में किसानों को धान की रोपाई के लिए पर्याप्त पानी चाहिए लेकिन सोन उच्च स्तरीय नहर के आरडी 184 नहर के टेल पर बसे आधा दर्जन गांवों के किसानों के ऊंचाई वाले खेत बेपानी है। ऊंचाई वाले खेत में पानी पहुंचाने को लेकर आरडी 184 पर ज्यादातर समय मुख्य गेट को बंद कर ऊंचे जमीन की सिंचाई के लिए पानी देना पड़ता है जिससे टेल तक पानी पहुंचने में नीचे के कई गांवों के किसानों को काफी दिनों तक इंतजार कर परेशानी उठानी पड़ती है। किसानी की गंभीर समस्या को देखते हुए जिलाध्यक्ष विमलेश पाण्डेय की अगुआई में किसान संघर्ष मोर्चा का एक प्रतिनिधिमंडल सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता भभुआ से गुरुवार को मिला और किसानी की समस्याओं से अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनने के बाद अधीक्षण अभियंता ने अपने कार्यकाल में परमामेंट सॉल्यूशन (हमेशा के लिए समस्या की निराकरण )की बात कही। अधीक्षण अभियंता की सहानभूति पूर्ण बात को सुन किसानों के चेहरे प्रफुल्लित हो उठे और अधीक्षण अभियंता के प्रयास के लिए धन्यवाद दिया। जिलाध्यक्ष विमलेश पाण्डेय ने बताया कि क्षेत्र में सिंचाई की समस्या को लेकर हम लोग किसान अधीक्षण अभियंता से मिले हैं। उनको आरडी 184 की समस्या से अवगत कराते हुए झलखोरा रामपुर माइनर, विजरा माइनर तथा नसीनी माइनर में पानी सप्लाई के लिए सहायक तीन मोटर पंप लगाने की मांग की गई है। उक्त गेट को बंद होने पर ही क्षेत्र के ठकुरहट, बसिनी,गंगापुर, लोहंदी, बिजरा, झलखोरा, लिली, रामपुर, पाली, निसीझा, भलुहां, तेंदुआ, कुडारी आदि गांवों के ऊंचाई वाले खेतों में पटवन हो पाती है जिसके कारण नहर के टेल तक पानी नहीं पहुंच रहा। इससे धान की खेती में परेशानी हो रही है। अगर किसानों की समस्या को देखते हुए विभाग द्वारा उचित कार्रवाई की जाती है तो क्षेत्र की किसानी की मूल समस्या से निजात मिलेगी। नहर का पानी समय से टेल तक पहुंच जायेगा।
बता दें कि जिले के किसान सिंचाई की समस्या से जूझ रहे हैं। नहरों में टेल तक पानी पहुंचने की समस्या काफी पुरानी है।बीते दिनों नहरों में कम पानी छोड़े जाने के कारण अभी तक पानी टेल तक नही पहुंच पा रहा है। किसानों की माने तो सिंचाई विभाग दावा करता है कि नहरों का पानी नहरों के टेल तक पहुंचाया जाएगा लेकिन विभागीय दावे टाय-टाय फिस्स होते दिखाई पड़ रहा है। औसत से कम बारिश होने पर करीब- करीब हर साल खरीफ सीजन में पानी की किल्लत होती है। उक्त अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में जिला महामंत्री इंद्रजीत सिंह पटेल, जिला मंत्री रमाकांत पांडेय सहित तमाम लोग मौजूद थे।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












