आबकारी विभाग का बड़ा एक्शन: तस्करों से सांठ—गांठ के आरोप में निरीक्षक निलम्बित
तेजस टूडे ब्यूरो
सुधीर सोनी
गोण्डा। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने और विभागीय अनुशासन को सख्ती से लागू करने के लिए आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। शराब तस्करों से मिलीभगत और कार्य में लापरवाही के गंभीर आरोपों में तरबगंज के आबकारी निरीक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन के बाद उन्हें प्रयागराज स्थित आबकारी मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है।
विभागीय सूत्रों के अनुसार तरबगंज क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की तस्करी और विभागीय कर्मियों की मिलीभगत की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने जांच कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर यह कड़ी कार्रवाई की गई। विभाग का मानना है कि इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगेगा और विभाग की छवि भी सुधरेगी।
रमेश पांडेय को मिला तरबगंज का अतिरिक्त प्रभार तरबगंज क्षेत्र का कामकाज बाधित न हो, इसके लिए विभाग ने आबकारी निरीक्षक रमेश पांडेय को तरबगंज का अतिरिक्त प्रभार सौंपा है। अब तरबगंज क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ चल रहे अभियान की कमान उनके हाथों में होगी। विभाग को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में अवैध शराब के खिलाफ अभियान और तेज होगा।
विभाग की इस बड़ी कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों के साथ ही विभागीय कर्मचारियों में भी हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध शराब की तस्करी में किसी भी स्तर पर मिलीभगत पाए जाने पर किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा और कड़ी से कड़ी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। विभाग का कहना है कि आगे भी जिले में अवैध शराब के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध भट्ठियों, तस्करी और बिना लाइसेंस शराब बिक्री पर विशेष नजर रखी जाएगी। लापरवाही बरतने वाले किसी भी कर्मचारी के खिलाफ भी इसी तरह सख्त कार्रवाई होगी।











