HomeTrendingनीतीश कुमार ने अपनी इच्छा से छोड़ा मुख्यमंत्री का पद, चारों सदनों...

नीतीश कुमार ने अपनी इच्छा से छोड़ा मुख्यमंत्री का पद, चारों सदनों का सदस्य बनने की थी चाहत: विजय

  • नीतीश कुमार ने अपनी इच्छा से छोड़ा मुख्यमंत्री का पद, चारों सदनों का सदस्य बनने की थी चाहत: विजय

  • मिर्जापुर में पूर्व प्रखंड जदयू अध्यक्ष हरेश प्रसाद की प्रतिमा का किया गया अनावरण

तेजस टूडे ब्यूरो
पदमाकर सिंह
विद्यापतिनगर, बिहार। उप मुख्यमंत्री विजय चौधरी ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी इच्छा से बिहार के मुख्यमंत्री का पद छोड़ा है। लंबे समय से उनकी इच्छा देश के चारों सदनों का सदस्य बनने की थी। वे विधानसभा, विधान परिषद और लोकसभा के सदस्य रह चुके थे। राज्यसभा की सदस्यता के साथ उनकी यह राजनीतिक आकांक्षा पूरी हुई है। वर्ष 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की जीत के बाद उन्होंने राज्यसभा जाने का निर्णय लिया। वे सोमवार को प्रखंड के मिर्जापुर गांव में पूर्व प्रखंड जदयू अध्यक्ष हरेश प्रसाद सिंह की प्रतिमा का अनावरण करने के बाद आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार के विकास को लेकर एक स्पष्ट मिशन तैयार किया और उसे धरातल पर उतारने के लिए लगातार काम किया। उनके नेतृत्व में बिहार ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में नई पहचान बनाई। अब मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी नीतीश कुमार के बताए मार्ग पर चलते हुए उनके विकासवादी संकल्प और अधूरे कार्यों को आगे बढ़ा रहे हैं। राज्य सरकार विकास की उसी निरंतरता को बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
पूर्व प्रखंड जदयू अध्यक्ष हरेश प्रसाद सिंह के व्यक्तित्व और कृतित्व की चर्चा करते हुए विजय चौधरी ने कहा कि वे पार्टी के समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता थे। समता पार्टी के गठन के दौर से ही उनका जुड़ाव संगठन से रहा था। उन्होंने पार्टी को मजबूत बनाने और उसकी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि हरेश प्रसाद सिंह का राजनीतिक जीवन संगठन के प्रति निष्ठा, समर्पण और प्रतिबद्धता का उदाहरण रहा है। पार्टी और समाज के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनकी प्रतिमा का अनावरण उनके प्रति सम्मान और श्रद्धांजलि का प्रतीक है।
इस अवसर पर मोहिउद्दीन नगर विधायक राजेश सिंह, जदयू प्रदेश महासचिव धीरेंद्र सिंह, प्रखंड जदयू अध्यक्ष रंजीत सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष संजय सिंह, रामउदगार महतो, रामाश्रय प्रसाद, जदयू युवा जिलाध्यक्ष विशाल कुमार, स्व. हरेश प्रसाद सिंह के पुत्र पंकज सिंह, मनीष सिंह आदि मौजूद रहे। इसके पहले उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी ने शेरपुर गांव में आयोजित मिलन सह सदस्यता ग्रहण समारोह में राजद छोड़कर जदयू का दामन थामने वाले सैकड़ों लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई।

 

 

 

 

Must Read