बाइक चोर गिरोह का भण्डाफोड़, 3 शातिर गिरफ्तार
नम्बर प्लेट बदलकर सस्ते दामों में बेचते थे चोरी की 5 बाइक, नकदी, मोबाइल, कूटरचना में इस्तेमाल सामान बरामद
तेजस टूडे ब्यूरो
गोण्डा। जनपद में अपराध नियंत्रण और वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली नगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी हुई पांच मोटरसाइकिलों को बरामद करते हुए एक संगठित बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। कार्रवाई के दौरान 3 शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया जो चोरी की मोटरसाइकिलों के नंबर प्लेट बदलकर और कूटरचना कर उन्हें सस्ते दामों में बेचने का धंधा करते थे। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्राधिकारी नगर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 1 जून को उतरौला रोड-गोंडा रेलवे स्टेशन मार्ग एवं शेखपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी जनपद के विभिन्न स्थानों से मोटरसाइकिल चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहन की पहचान छिपाने के लिए उसकी नंबर प्लेट निकाल देते थे अथवा उस पर पेंट कर मनमाने नंबर अंकित कर देते थे। इसके बाद वाहनों को कम कीमत पर बेचकर अवैध लाभ कमाते थे।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। इसके अलावा नंबर प्लेट पर कूटरचना करने में इस्तेमाल पेंट के डिब्बे, ब्रश, चोरी की बाइक बेचकर प्राप्त नकदी तथा उस धनराशि से खरीदे गए मोबाइल भी बरामद किये गये हैं। गिरफ्तार अभियुक्त दुर्गेश मिश्रा पुत्र जगदीश प्रसाद मिश्रा, निवासी सिंहपुर मौजा नकहा, थाना कटरा बाजार, गोंडा, गुड्डू उर्फ हेटा पुत्र माजिद, निवासी पटेल नगर घोसियाना, थाना कोतवाली नगर, गोंडा, रूपेन्द्र सिंह उर्फ रौनक पुत्र दिनेश सिंह, निवासी अमदही बाजार, थाना उमरी बेगमगंज, गोंडा हैं।
मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं कई गम्भीर मुकदमे
पुलिस के अनुसार गिरोह का सरगना दुर्गेश मिश्रा पहले से ही कई आपराधिक मामलों में वांछित और आरोपी रह चुका है। उसके खिलाफ चोरी, धोखाधड़ी, एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा गैंगस्टर एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अन्य दोनों आरोपियों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस सफल कार्रवाई में चौकी प्रभारी गुरूनानक उपनिरीक्षक प्रशांत पाण्डेय, कांस्टेबल मदन त्रिवेदी, कांस्टेबल अमित यादव, रिजर्व कांस्टेबल उत्कर्ष पाण्डेय तथा रिजर्व आरक्षी प्रवीण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने पूरी टीम की सराहना करते हुए इसे वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने की दिशा में बड़ी सफलता बताया है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर चोरी के अन्य मामलों की भी जांच की जा रही है तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी करने वाले अपराधियों में हड़कंप मच गया है और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









600 बीमारी का एक ही दवा RENATUS NOVA



