HomeTrendingबाल विवाह के विरूद्ध जागरूकता अभियान शुरू

बाल विवाह के विरूद्ध जागरूकता अभियान शुरू

  • बाल विवाह के विरूद्ध जागरूकता अभियान शुरू

  • डीएम ने हरी झण्डी दिखाकर जागरूकता वाहनों को किया रवाना

तेजस टूडे ब्यूरो
अब्दुल शाहिद
बहराइच। बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने और बच्चों के सुरक्षित भविष्य के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की ओर से जनपद में जागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। जिलाधिकारी राजेश पाण्डेय ने नगर मजिस्ट्रेट राजेश प्रसाद व अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका परिषद बहराइच प्रमिता सिंह के साथ कलेक्ट्रेट परिसर से जागरूकता वाहनांे को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया तथा जनजागरूकता हेतु हस्ताक्षर अभियान की शुरूआत भी किया।
उल्लेखनीय है कि जनजागरूकता वाहन जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर आमजन को बाल विवाह के दुष्परिणामों, बच्चों के अधिकारों और बाल विवाह प्रतिषेध कानून के तहत निर्धारित कानूनी प्रावधानों इत्यादि के बारे में जानकारी प्रदान की जायेगी। कम उम्र में विवाह होने से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, मानसिक विकास और बेहतर भविष्य पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभावों विशेष कर कम उम्र में विशेष रूप से बालिकाओं का विवाह करने से उनके सम्मुख उत्पन्न होने वाली विभिन्न प्रकार की सामाजिक और शारीरिक चुनौतियों इत्यादि के बारे भी जागरूक किया जायेगा।
लोगों को बताया जायेगा कि 21 वर्ष से कम आयु के लड़के और 18 वर्ष से कम आयु की लड़की का विवाह बाल विवाह की श्रेणी में आता है और यह कानूनन अपराध है। बाल विवाह कराने वाले माता-पिता तथा अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई का प्रावधान है। ऐसे मामलों में दोषी पाए जाने पर दो वर्ष तक की सजा और एक लाख रुपये तक का जुर्माना अथवा दोनों हो सकते हैं। जागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों से अपील जाएगी कि वे अपने परिवार सहित आस—पास के क्षेत्रों में बाल विवाह जैसी कुप्रथा को बढ़ावा न दें। बच्चों की निर्धारित आयु पूरी होने से पहले उनका विवाह न करें और बाल विवाह की जानकारी मिलने पर संबंधित अधिकारियों को सूचित करें, क्योंकि बाल विवाह को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता जरूरी है, क्योंकि बाल विवाह को रोकने के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सहभागिता आवश्यक है।
इस अवसर पर जिला प्रोबेशन कार्यालय से जिला बाल संरक्षण इकाई, 1098 चाल्ड हेल्प लाइन, एचईडब्ल्यू के स्टाफ, स्वयंसेवी संस्था देहात, प्रथम व रोसा के प्रतिनिधि सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।

 

 

 

 

Must Read