अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने जालौन में समाज के दो कथा वाचक को किया सम्मानित
इटावा में कथा वाचक के साथ घटी घटना के बाद यादव समाज में भड़का आक्रोश
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई (जालौन)। इटावा जिले में एक यादव व कठेरिया समाज के कथावाचक के साथ मारपीट, लूट और जबरन सिर मुंडवाने की घटना सामने आने के बाद यादव समाज में आक्रोश व्याप्त है। इस घटना को लेकर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जालौन इकाई ने जिलाध्यक्ष व्रजराज रिछारा के आवास पर बैठक हुई जहां जनपद के कथावाचको को बुलाकर सम्मानित किया गया। इसके बाद इस घटना को लेकर एक निंदा प्रस्ताव पारित किया गया जिसमें दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही इन्हीं दोनों कथावाचकों से भागवत कथा से लेकर सभी काम करवाने की भी यादव समाज से अपील की गई।
महासभा जालौन की बैठक में कथा वाचक कृपाचार्य शास्त्री व राधेश्याम शास्त्री ने कहा कि यादव समाज के कथा वाचक के साथ मारपीट, लूट और जबरन सिर मुंडवाने की घटना उस समय हुई जब कथावाचक अपने धार्मिक कार्य में व्यस्त थे, कुछ लोग जो स्वयं को ब्राह्मण समाज का बताते हैं, उन्होंने उनके साथ अशोभनीय और अमानवीय व्यवहार किया। मारपीट के साथ कथा वाचक के साथ लूटपाट भी की और जबरन उनका सिर मुंडवा दिया गया जिससे न केवल पीड़ित की व्यक्तिगत गरिमा को ठेस पहुंची है, बल्कि समाज की धार्मिक और सामाजिक भावनाओं को भी गहरी चोट लगी है। यादव समाज के सभी संगठन समाज से उत्थान के लिए काम कर रहे है तो एक जुट होकर एक मंच पर आएं, नहीं तो इस समय जो एक कहावत चल रही है कि बटोगे तो कटोगे की कहावत सच होगी।
सामूहिक बैठक में निर्णय लिया गया कि देश के सभी संगठन एक साथ एक मंच पर आकर इस घटना का विरोध करें। जिलाध्यक्ष ने कहा कि यादव समाज हमेशा से सभी जातियों और विशेषकर ब्राह्मण समाज का सम्मान करता आया है लेकिन इस तरह की घटनाएं कुछ ग्रसित मानसिकता के लोगों द्वारा समाज में विद्वेष फैलाने के उद्देश्य से की जा रही हैं जो अत्यंत निंदनीय है। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि यदि दोषियों की शीघ्र कठोर से कठोर कार्रवाई की जाय जिससे पुनरावृत्ति न हो। साथ ही यह भी चर्चा का विषय रहा कि इस अवनमीय कृति में सरकार का बुलडोजर कहां है और अन्य कई बिंदुओं पर चर्चा हुई। अगर ऐसा नहीं हुआ तो पूरा यादव समाज आंदोलन करने को मजबूर होगा।
इस अवसर पर महासभा के प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव, जिला महामंत्री भारत सिंह यादव, वरिष्ठ समाजसेवी जगपाल यादव, अवधेश यादव, यूथ अध्यक्ष प्रदीप यादव, युवा नेता उदय यादव, मुलायम सिंह यादव, अवधेश यादव, संजय यादव, अनिल यादव, शिवपाल सिंह यादव, वीरू यादव सहित यादव समाज के तमाम लोग मौजूद रहे।
——इनसेट——
जालौन में यादव समाज के दो कथा वाचक ही करेंगे भागवत कथा
अखिल भारत वर्षीय यादव महासभा ने जनपद जालौन के ग्राम मानपुर निवासी कथा वाचक राधेश्याम शास्त्री व कृपाचार्य शास्त्री को बुलाकर सम्मानित किया। साथ ही सभी जनपद के यादव बंधुओं से अपील किया कि जो भी भागवत कथा से लेकर अन्य जो काम होंगे, सभी यादव समाज बंधु इन्हीं दोनों कथा वाचकों से करवाये।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।















