एसटीएफ प्रयागराज व पट्टी पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी
50 हजार रूपये के ईनामी अपराधी गुफरान गिरफ्तार
तेजस टूडे ब्यूरो
संदीप सिंह
प्रतापगढ़। जनपद में बीते 16 जून को थाना पट्टी क्षेत्र के करैला बाजार में वादी के भाई एवं चचेरे भाई पर पूर्व विवाद को लेकर शहबाज उर्फ लम्बू, रुकसार, शहरेयार, छंगू, शाहनवाज, जलालुद्दीन आदि द्वारा एक राय होकर अवैध असलहों से जानलेवा फायरिंग की गई तथा लोहे की रॉड से हमला किया गया। फायरिंग के दौरान बाजार में दो राहगीर आलोक पटेल एवं आमिर सुहैल को भी गोली लग गई। इस संबंध में वादी की तहरीर के आधार पर 9 नामजद व्यक्तियों व कुछ अज्ञात का अभियोग पंजीकृत किया गया है।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार द्वारा मौके पर जाकर घटना स्थल का निरीक्षण किया गया था। उनके निर्देशन में नामजद व अज्ञात अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु थाना स्तर पर टीमें गठित की गईं। गठित टीमों द्वारा तकनीकी साक्ष्य, सर्विलांस विश्लेषण, सीसीटीवी फुटेज एवं खुफिया सूचना के आधार पर संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश जा रही थी। साथ ही घटना से जुड़े व्यक्तियों की पहचान सुनिश्चित करने हेतु संदिग्ध स्थलों पर सघन चेकिंग व तलाशी अभियान भी चलाया गया।
उक्त अभियोग में पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुपालन में संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में अभियुक्तों की शीघ्र गिरफ्तारी हेतु पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गठित टीमों द्वारा की गई सतत एवं प्रभावी कार्यवाही के परिणामस्वरूप अब तक इससे पूर्व 6 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा जा चुका है। घटना में संलिप्त अन्य वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी हेतु संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है तथा उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित किए जाने के प्रयास प्रचलित हैं उक्त अभियोग से संबंधित अभियुक्त लगातार फरार चल रहा था।
इसी क्रम में अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध 19 जून को 25000 रु0 का पुरस्कार घोषित किया गया था। इसी क्रम में पुलिस महानिरीक्षक प्रयागराज अजय मिश्र द्वारा जनपद के अपराध नियंत्रण को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु कठोर कार्यवाही करते हुए थाना पट्टी के अभियुक्त गुफरान उर्फ छंगू के विरुद्ध 26 जून 2022 को 50000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था। सोमवार को पुलिस अधीक्षक डॉ0 अनिल कुमार के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) शैलेन्द्र लाल व क्षेत्राधिकारी पट्टी मनोज सिंह रघुवंशी के पर्वेक्षण में थाना पट्टी के उ0नि0 शुभम सिंह व हे0का0 धर्मेन्द्र यादव व एसटीएफ टीम प्रयागराज निरीक्षक अनिल सिंह मय हमराह हे0का0 अजय सिंह यादव, हे0का0 साजित अली, हे0का0 प्रवीण पाण्डेय, हे0का0 रामलखन पाल की संयुक्त टीम द्वारा वांछित चल रहा 50000 का ईनामिया अभियुक्त गुफरान उर्फ छंगू पुत्र आबाद अली उर्फ औलाद निवासी खमपुर थाना दिलीपपुर प्रतापगढ़ को थाना पट्टी क्षेत्रान्तर्गत कलियनापुर नहर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।












