शराब व प्यास ने ली मजदूर की जान
पाँच मासूम बच्चे हुए अनाथ
तेजस टूडे ब्यूरो
रविन्द्र चौधरी
उरई, जालौन। कालपी क्षेत्र के ग्राम हीरपुर देवकली में मंगलवार को एक दिल को झकझोर देने वाली घटना सामने आई, जहां शराब के नशे और भीषण गर्मी में पानी न मिलने के चलते एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक फूल सिंह उर्फ फदाली (35) अपने पीछे पाँच मासूम बेटों को अनाथ छोड़ गया है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। जानकारी के अनुसार फूल सिंह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। बीते कुछ समय से वह शराब के नशे का आदी हो गया था। ग्रामीणों ने बताया कि वह मंगलवार को नशे की हालत में गांव के ही एक कोने में बेसुध पड़ा मिला। तेज धूप और गर्मी में उसे समय पर पानी नहीं मिल सका, जिससे उसकी हालत बिगड़ती गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। गौरतलब है कि मृतक की पत्नी की मृत्यु सात महीने पहले ही हो चुकी थी। अब उसके पीछे पाँच छोटे बच्चे रह गए हैं, जिनकी देखभाल की जिम्मेदारी उठाने वाला कोई नहीं बचा है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही कालपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।









