हापुड़ काण्ड से आक्रोशित अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार का फूंका पुतला
अब्दुल शाहिद
नानपारा, बहराइच। समूचे प्रदेश सहित तहसील नानपारा के अधिवक्ता भी हापुड़ में अधिवक्ताओं पर लाठीचार्ज से आक्रोशित हैं और लगातार न्यायिक कार्य से विरत हैं। प्रदेश व्यापी हड़ताल के समर्थन में गुरुवार को भी स्थानीय अधिवक्ताओं ने किसी भी राजस्व, सिविल एवं फौजदारी अदालत में काम नहीं किया। इससे मुकदमों की पैरवी में आए वादकारियों को बैरंग वापस लौटना पड़ा। तहसील अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर में बैठक करके प्रदेशव्यापी आंदोलन को समर्थन देने पर सहमति जताई और प्रकरण में दोषी हापुड़ जनपद के प्रशासनिक अधिकारियों व पुलिसकर्मियों पर कार्यवाही न होने के कारण प्रदेश सरकार का पुतला फूंके जाने का निर्णय लिया।
बाद में अधिवक्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर तहसील परिसर में उत्तर प्रदेश सरकार के पुतले के साथ प्रदर्शन किया और काफी देर तक हापुड़ पुलिस मुर्दाबाद, उत्तर प्रदेश सरकार मुर्दाबाद, बार कौंसिल उत्तर प्रदेश जिंदाबाद, अधिवक्ता एकता जिंदाबाद की जमकर नारेबाजी करते हुए अधिवक्ताओं ने हापुड़ कांड के दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही अधिवक्ताओं ने अधिवक्ता सुरक्षा कानून तत्काल लागू किए जाने पर भी जोर दिया। तहसील परिसर में ही अधिवक्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला फूंककर प्रदर्शन किया। इस दौरान अध्यक्ष निरंकार प्रसाद जायसवाल, महासचिव प्रेम कुमार त्रिपाठी, संयुक्त सचिव ध्यान प्रकाश श्रीवास्तव, हरीश शर्मा, जगदम्बा प्रसाद, गोविंद गुप्ता, संतोष श्रीवास्तव, राम नरेश पांडेय, काशीराम यादव, जशवंत मिश्रा, शहीद जमाल, अजय श्रीवास्तव, रामगोपाल वर्मा आदि सैकड़ों अधिवक्तागण मौजूद रहे। इसके अलावा नानपारा के अधिवक्ताओं ने हापुड़ में अधिवक्ताओं के साथ हुए लाठीचार्ज की निंदा के साथ गाजियाबाद में अधिवक्ता की हत्या जैसी घटना पर भी आक्रोश जताया।

आधुनिक तकनीक से करायें प्रचार, बिजनेस बढ़ाने पर करें विचार
हमारे न्यूज पोर्टल पर करायें सस्ते दर पर प्रचार प्रसार।










