HomeTrendingजय श्रीराम के जयघोष से उमड़ा आस्था का सैलाब

जय श्रीराम के जयघोष से उमड़ा आस्था का सैलाब

  • जय श्रीराम के जयघोष से उमड़ा आस्था का सैलाब

तेजस टूडे ब्यूरो
अम्बेडकरनगर। आलापुर में श्री हनुमत यज्ञ एवं श्रीराम कथा के शुभारंभ के उपलक्ष्य में शनिवार को सनातन वैदिक आश्रम देवभूमि, नया गांव से ऐसी भव्य कलश यात्रा निकली कि पूरा क्षेत्र जय श्रीराम के जयघोष से गूंज उठा। श्री श्री 1008 श्रीनिवास दास वेदांती जी महाराज के पावन सानिध्य में निकली करीब तीन किलोमीटर लंबी यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा। सिर पर कलश धारण किए महिलाओं की लंबी कतारें, घोड़ों का समूह, आकर्षक रथ, बैंडबाजे और डीजे की भक्तिमय धुनों ने यात्रा को भव्य स्वरूप प्रदान किया। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी पूरे उत्साह के साथ शामिल हुए।
चारों ओर जय श्रीराम के उद्घोष और भक्ति संगीत के बीच आस्था का अद्भुत सैलाब देखने को मिला। कलश यात्रा का शुभारंभ सनातन वैदिक आश्रम देवभूमि से हुआ। आगे-आगे घोड़ों का समूह और आकर्षक रथ चल रहे थे। वहीं बैंड बाजे तथा डीजे की धुन पर श्रद्धालु भक्ति भाव से झूमते हुए आगे बढ़ रहे थे। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर मंगलगीतों और जय श्रीराम के उद्घोष के साथ यात्रा की शोभा बढ़ा रही थीं। श्रद्धालुओं की लंबी कतारों और उत्साहपूर्ण सहभागिता ने धार्मिक आयोजन को यादगार बना दिया।
इस भव्य धार्मिक आयोजन में भाजपा के प्रदेश प्रकोष्ठ के संकुल सह संयोजक डॉ. मिथिलेश त्रिपाठी और भाजपा जिला महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष डॉ. दीपिका शाह की विशेष उपस्थिति ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। दोनों प्रमुख अतिथियों ने श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक आयोजन में सहभागिता कर सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त किया। हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में निकली इस भव्य यात्रा के साक्षी बने दोनों अतिथियों की सहभागिता भी आकर्षण का केंद्र रही।
कलश यात्रा गोवर्धनपुर स्थित दुर्गा मंदिर के निकट सरयू घाट पहुंची। वहां विधि-विधान से पूजन-अर्चन और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। इसके बाद श्रद्धालुओं ने पवित्र जल भरकर पुनः आश्रम की ओर प्रस्थान किया। आश्रम पहुंचने पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कलशों को यज्ञ मंडप में स्थापित किया गया। साथ ही श्री हनुमत यज्ञ के धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत शुभारंभ हुआ। श्री श्री 1008 श्रीनिवास दास वेदांती जी महाराज ने श्रद्धालुओं को आशीर्वचन देते हुए धर्म, भक्ति, संस्कार और सनातन परंपराओं के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने धार्मिक आयोजनों को समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करने का माध्यम बताया। महाराज के आशीर्वचन के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
इसके उपरांत यज्ञ मंडप में पूजन और अरणि मंथन का कार्यक्रम वैदिक परंपरा के अनुसार संपन्न हुआ। काशी से पधारे विद्वानों ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक अनुष्ठानों को आगे बढ़ाया। कार्यक्रम में भाजपा जिला मंत्री अभिषेक निषाद, जिला उपाध्यक्ष पंकज वर्मा, व्यापार मंडल अध्यक्ष माया उपाध्याय, प्रदीप तिवारी सहित उनकी पूरी टीम और क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे। सुरक्षा और व्यवस्था की दृष्टि से जहांगीरगंज थानाध्यक्ष रितेश पांडेय पुलिस बल के साथ मौजूद रहे। कांस्टेबल और महिला कांस्टेबलों ने यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्था संभाली। कार्यक्रम के प्रभारी रमेश शुक्ला और कार्यक्रम अध्यक्ष तारकेश्वर यादव ने भव्य कलश यात्रा एवं धार्मिक आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं, अतिथियों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्रवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सफल आयोजन के लिए सभी को बधाई देते हुए कहा कि सभी के सहयोग, सहभागिता और समर्पण से यह धार्मिक आयोजन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। नया गांव की देवभूमि में निकली इस भव्य कलश यात्रा ने धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और सनातन संस्कृति के प्रति लोगों के समर्पण की अनुपम तस्वीर प्रस्तुत किया। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति और गूंजते जय श्रीराम के उद्घोष ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय बना दिया।

 

 

 

 

Must Read